Jehanabad electricity bill Special Campaign: जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देशानुसार विद्युत विभाग ने जिले में बिजली बिल के बकायेदार उपभोक्ताओं एवं बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है. विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर राजस्व वसूली के साथ-साथ बिजली चोरी के मामलों की लगातार जांच की जा रही है.
बकाया बिल जमा नहीं करने पर कटेगा बिजली कनेक्शन
विद्युत कार्यपालक अभियंता ने बताया कि विभागीय टीमें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जाकर बकायेदार उपभोक्ताओं से संपर्क कर बकाया बिजली बिल जमा करने के लिए कह रही हैं. बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं का विद्युत संबंध विच्छेद करने की कार्रवाई की जाएगी. जांच के दौरान बिजली चोरी के मामले पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है.
इन गांवों में चलेगा विशेष अभियान
विद्युत विभाग के अनुसार कुछ गांवों में उपभोक्ताओं द्वारा नियमित रूप से बिजली बिल जमा नहीं किए जाने के मामले सामने आए हैं. ऐसे गांवों को चिन्हित कर विशेष अभियान के तहत बकाया राशि की वसूली एवं विद्युत संबंधों की जांच की जाएगी.
- काको प्रखंड: भसेरी, आशियामा, देवराज बीघा, चैनपुर, लोहा बीघा, इब्राहिमपुर, रसुल्ला, जलालपुर, रामपुर बनारा, नेसरपुरा, जमालपुर, भरथुआ, सतानपुर, दामुहा एवं हामीनगर.
- घोसी प्रखंड: बभनपुरा, लोदीपुर, बंसी बीघा एवं सैदूर.
- मखदुमपुर प्रखंड: लाला बीघा, जमालपुर एवं परसौना.
- रतनी प्रखंड: हुरपुर, धावापर, मीरगंज, सिकंदरा, खैरुचक, अजय बीघा, ताली, देवनंदन बीघा, आजादनगर, मिसरौलिया/ऐरा एवं उतरा पति.
- मोदनगंज प्रखंड: पुरुषोत्तमपुर, बरछी बीघा, अनंतपुर एवं चुनुकपुर.
- हुलासगंज प्रखंड: सुख लोदीपुर.
- जहानाबाद प्रखंड: औडनचक एवं दोहिया.
इन क्षेत्रों में विशेष अभियान के तहत बकाया राशि की वसूली और विद्युत संबंधों की जांच की जाएगी.
बिजली चोरी पर भी होगी सख्त कार्रवाई
विद्युत कार्यपालक अभियंता ने बताया कि बिजली चोरी की रोकथाम के लिए भी लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली की सुविधा दिए जाने के बावजूद बिजली चोरी करना दंडनीय अपराध है. ऐसे मामलों में विभाग द्वारा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
विशेष टीमों का किया गया गठन
विशेष अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विद्युत विभाग द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया है. ये टीमें चिन्हित गांवों सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से जांच, बकाया वसूली एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी.
उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने की अपील
विद्युत विभाग ने जिले के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बकाया बिजली बिल का समय पर भुगतान सुनिश्चित करें तथा बिजली चोरी जैसे अवैध कार्यों से बचें. बकाया राशि जमा नहीं करने अथवा बिजली चोरी करते पाए जाने पर नियमानुसार विद्युत संबंध विच्छेद सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
