Jehanabad News : जहानाबाद जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक किरण कुमार ने पाली थाना अंतर्गत बरावां पंचायत तथा घोषी थाना अंतर्गत साहो बिगहा पंचायत में प्रस्तावित नये पुलिस पिकेट के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने दोनों प्रस्तावित स्थलों की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया.
ग्रामीणों की मांग पर पिकेट की तैयारी
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की ओर से दोनों पंचायतों में पुलिस की नियमित एवं प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए पुलिस पिकेट शुरू करने की मांग की गयी थी. इसी मांग के आलोक में बरावां पंचायत में पंचायत भवन और साहो बिगहा पंचायत में सामुदायिक भवन को पुलिस पिकेट के लिए प्रस्तावित किया गया है.
भवन और मूलभूत सुविधाओं की जांच
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने दोनों प्रस्तावित स्थलों का बारीकी से जायजा लिया. उन्होंने भवन की स्थिति, उपलब्ध स्थान, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल और विद्युत सुविधा समेत पुलिस पिकेट के संचालन के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली. साथ ही स्थानीय परिस्थितियों और क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दोनों स्थलों की उपयुक्तता का भी अवलोकन किया.
समयबद्ध तरीके से पूरी होगी प्रक्रिया
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और अन्य अधिकारियों को पुलिस पिकेट के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने प्रस्तावित स्थलों से संबंधित आवश्यक कार्रवाई को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा.
अपराध नियंत्रण में मिलेगी मदद
प्रस्तावित पुलिस पिकेट के शुरू होने से दोनों क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और उपस्थिति अधिक प्रभावी होगी. इससे अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण, त्वरित पुलिस सहायता और आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
