Arwal News : अरवल जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस ने सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में 'सेवा संवाद एवं समाधान' कार्यक्रम के तहत आम जनता से सीधा संवाद किया. कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को सीधे सुनकर उनका त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था.
पांच विभागों से जुड़े आवेदन पहुंचे
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव जिला पदाधिकारी के समक्ष रखे. इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल पांच आवेदन प्राप्त हुए. इनमें ग्रामीण कार्य विभाग का एक, मनरेगा का एक, जिला पशुपालन कार्यालय का एक तथा निबंधन (रजिस्ट्री) कार्यालय से संबंधित दो आवेदन शामिल थे.
समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश
डीएम अमृषा बैंस ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही प्रत्येक आवेदक को उसकी शिकायत के निस्तारण की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए.
सुशासन की पहचान है त्वरित समाधान
डीएम ने कहा कि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान ही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है. जिला प्रशासन नागरिकों को सरल, सुलभ और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं हो. शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखते हुए लोगों को समय पर न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए.
