जहानाबाद: स्वामी सहजानंद कॉलेज में ओरिएंटेशन प्रोग्राम का हुआ आयोजन, छात्रों को दिया गया शैक्षणिक और कैरियर मार्गदर्शन की जानकारी

Jehanabad College Orientation: सहजानंद कॉलेज ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के समग्र विकास के लिए एक विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया. यह कार्यक्रम विद्यार्थियों और अभिभावकों को महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, पाठ्यक्रम और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया.

Jehanabad College Orientation: स्थानीय स्वामी सहजानंद कॉलेज में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के समग्र शैक्षणिक, बौद्धिक एवं व्यक्तित्व विकास को केंद्र में रखते हुए विभिन्न विभागों द्वारा स्टूडेंट-पेरेंट्स ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जन्तु विज्ञान, रसायनशास्त्र, भूगोल, गणित, दर्शनशास्त्र, इतिहास, समाजशास्त्र, अंग्रेजी एवं संस्कृत सहित अनेक विभागों में पृथक-पृथक सत्र आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की.

विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम और भविष्य की संभावनाओं से कराया गया अवगत

कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, विभागीय गतिविधियों, पाठ्यक्रम, भविष्य की संभावनाओं तथा छात्रहित में संचालित विभिन्न योजनाओं से परिचित कराना था. इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को बताया गया कि महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों, शोध-अभिरुचि और रोजगारोन्मुखी कौशल विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है.

विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों एवं प्राध्यापकों ने पाठ्यक्रम की रूपरेखा, अध्ययन-अध्यापन की प्रक्रिया, प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय सुविधाओं, सेमिनार, कार्यशालाओं, शैक्षणिक भ्रमण, शोध गतिविधियों, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप उपलब्ध अवसरों तथा उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला. विद्यार्थियों को नियमित उपस्थिति, समयबद्ध अध्ययन, अनुशासित जीवनशैली और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित किया गया.

अभिभावकों से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर नियमित ध्यान देने की अपील

अभिभावकों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसकी प्रतिभा के साथ परिवार का विश्वास, संस्कार और सतत सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. महाविद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है. अभिभावकों से अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर नियमित ध्यान देने और महाविद्यालय की गतिविधियों से जुड़े रहने का आग्रह किया गया.

जिज्ञासाओं का हुआ समाधान, मिला कैरियर मार्गदर्शन

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया. खुले संवाद के माध्यम से पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, छात्रवृत्ति, कैरियर मार्गदर्शन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा भविष्य की संभावनाओं से जुड़े अनेक प्रश्नों के विस्तृत एवं संतोषजनक उत्तर शिक्षकों द्वारा दिए गए.

इस अवसर पर डॉ. स्नेहा स्वरूप, डॉ. विनोद कुमार राय, प्रो. प्रवीण दीपक, डॉ. सुजय मुखोपाध्याय, डॉ. मधु सिंह, डॉ. अविनाश कुमार, प्रो. मुनु भूषण सिन्हा तथा जयकांत कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे. सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन, नवाचार, नैतिक मूल्यों तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ अध्ययन करने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

माताओं की सक्रिय भागीदारी बनी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण

कार्यक्रम का एक भावपूर्ण पक्ष अभिभावकों, विशेषकर माताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही. बड़ी संख्या में उपस्थित माताओं ने शिक्षकों से सीधे संवाद कर महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, छात्रहितैषी वातावरण तथा भविष्य की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की. उनकी सक्रिय सहभागिता ने यह संदेश दिया कि जब महाविद्यालय, शिक्षक और परिवार मिलकर विद्यार्थियों के भविष्य के लिए संकल्पित होते हैं, तब सफलता की संभावनाएं और अधिक प्रबल हो जाती हैं.

कार्यक्रम के अंत में सभी विभागों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों के प्रति स्नेह और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के मध्य विश्वास, संवाद और सहयोग का सशक्त सेतु सिद्ध हुआ.

बंटी यादव मर्डर केस: मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Mritunjay Jehanabad

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >