jehanabad News : जहानाबाद एसपी किरण कुमार के निर्देशन में एससी-एसटी थानाध्यक्ष एवं पुलिस दीदी टीम (अभया ब्रिगेड) की ओर से राजकीयकृत मध्य विद्यालय प्रभात नगर विष्णुगंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. अभियान का उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करना था.
संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें
पुलिस दीदी टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि बच्चे अक्सर मोबाइल पर गेम खेलते हैं. गेम के दौरान आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से साइबर अपराधियों तक मोबाइल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंच सकती है. इसके बाद अपराधी फोन कर लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी की घटना को अंजाम दे सकते हैं. बच्चों को ऐसे किसी भी संदिग्ध लिंक को नहीं खोलने की सलाह दी गई.
सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करने में बरतें सावधानी
टीम ने बच्चों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी सावधान किया. बताया गया कि सोशल मीडिया पर फोटो सार्वजनिक करने से साइबर अपराधी उसका गलत इस्तेमाल कर सकते हैं. अपराधी फोटो का दुरुपयोग कर परिजनों को डराने-धमकाने और पैसे की मांग करने जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं. इसलिए सोशल मीडिया पर निजी जानकारी और तस्वीरें साझा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई.
महिला सुरक्षा और मानव तस्करी पर भी दी जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम में डिजिटल वातावरण को बढ़ावा देने और नया सबेरा 3.0 के तहत महिला सशक्तीकरण से संबंधित जानकारी दी गई. साथ ही मानव तस्करी की रोकथाम, महिला सुरक्षा और महिला उत्थान से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया.
डराने-धमकाने पर पुलिस को दें सूचना
पुलिस टीम ने बच्चों से कहा कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें डराता या धमकाता है तो घबराने की जरूरत नहीं है. ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दें. टीम ने पुलिस विभाग द्वारा जारी टोल फ्री नंबर के बारे में भी जानकारी दी. अधिकारियों ने कहा कि सावधानी और सतर्कता ही साइबर अपराध से बचने का सबसे बड़ा उपाय है.
कानून की जानकारी नहीं होने पर भी हो सकती है कार्रवाई
पुलिस टीम ने विधि विरुद्ध बालक एवं बालिकाओं से संबंधित कानूनों की भी जानकारी दी. बताया गया कि कई बच्चों को कानून की जानकारी नहीं होती और वे अनजाने में ऐसी गतिविधियों में शामिल हो जाते हैं, जो अपराध की श्रेणी में आती हैं. बच्चों को संदिग्ध गतिविधियों से दूर रहने और किसी भी गलत काम की जानकारी मिलने पर परिजनों या पुलिस को बताने की सलाह दी गई. कार्यक्रम में महिला थानाध्यक्ष अनामिका, एससी-एसटी थानाध्यक्ष पूनम चौधरी सहित पुलिस टीम के कई पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
