जहानाबाद: राष्ट्रीय खेल दिवस पर घोसी प्रखंड के विद्यालयों में विशेष खेल व फिटनेस कार्यक्रम आयोजित, अव्वल छात्र हुए पुरस्कृत

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर घोसी प्रखंड के विद्यालयों में विशेष खेलकूद एवं फिटनेस कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया. छात्रों को खेलों और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं.

Jehanabad News: राष्ट्रीय खेल दिवस के पावन अवसर पर घोसी प्रखंड के प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विशेष खेलकूद एवं फिटनेस कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) मो. अफाक अंसारी के निर्देशानुसार प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को खेलों और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और शारीरिक फिटनेस गतिविधियां कराई गईं.

छात्र-छात्राओं के बीच खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

इसी कड़ी में आदर्श मध्य विद्यालय, घोसी में वर्ग 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के बीच विविध खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ. छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक योगेंद्र शर्मा ने मेडल व पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उन्हें नियमित रूप से खेलकूद से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया.

स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास: BEO

लखावर उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित मुख्य खेल कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मो. अफाक अंसारी स्वयं मौजूद रहे. उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास का आधार स्तंभ है. पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को दिनचर्या में शामिल करने से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है. उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है.

शिक्षकों से खेल प्रतिभाओं को तराशने की अपील

बीईओ ने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यालयों में नियमित रूप से खेलकूद के अवसर उपलब्ध कराएं, ताकि ग्रामीण परिवेश के बच्चों की छिपी प्रतिभा निखरकर जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सामने आ सके. इस विशेष आयोजन से पूरे प्रखंड के विद्यालयों में खेल और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक वातावरण देखने को मिला.

Also Read: दुकान के आगे गाड़ी खड़ी करने से रोका तो भड़का विवाद, फल विक्रेता का रॉड से सिर फोड़ा; नकद व लॉकेट छीना


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >