Jehanabad News : जहानाबाद जिले रतनी के मोरहर और बल्दैया नदी में पानी के तेज बहाव से जहानाबाद सदर और रतनी प्रखंड के दर्जनों गांवों का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया है. खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गयी है. किसानों ने काफी मेहनत से धान की रोपाई की थी, लेकिन बाढ़ के पानी ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है.
दर्जनों गांवों में घुसा नदी का पानी
स्थानीय किसानों के अनुसार नदी में पानी बढ़ने से चैनपुरा, इमादपुर, करौता, बसंतपुर, आलमपुर, श्रीबिगहा, खजुरबना समेत दर्जनों गांव प्रभावित हुए हैं. कई इलाकों में घरों और खेतों के आसपास पानी जमा हो गया है. सदर प्रखंड के आलमपुर और चैनपुरा के पास मुख्य सड़क पर भी पानी का तेज बहाव हो रहा है.
मुख्य सड़कों पर भी बह रहा पानी
रतनी प्रखंड के श्रीबिगहा और खजुरबाना के पास मुख्य सड़क पर पानी तेजी से बह रहा है. सड़क पर पानी आने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि पानी का बहाव लगातार बढ़ने से स्थिति और गंभीर होती जा रही है.
शकूराबाद पुल पर तीसरे दिन भी आवागमन बंद
शकूराबाद पुल पर लगातार तीसरे दिन भी दो फीट से अधिक पानी का बहाव हो रहा है. इसके कारण पुल से आवागमन पूरी तरह ठप है. पुलिस ने पुल पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया है और सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है. हालांकि इसके बावजूद कई पैदल यात्री जान जोखिम में डालकर पुल पार करते नजर आ रहे हैं.
किसानों की बढ़ी चिंता
धान की फसल के डूबने से किसानों को भारी नुकसान की आशंका है. किसानों का कहना है कि फसल बचाने के लिए उन्होंने काफी मेहनत और खर्च किया था, लेकिन नदी में अचानक बढ़े पानी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव की व्यवस्था करने की मांग की है.
