Jehanabad News : जहानाबाद थाना क्षेत्र के हनुमान नगर मोहल्ले से ट्यूशन पढ़ने निकली 14 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थिति में अगवा होने का मामला सामने आया है. किशोरी की मां की लिखित शिकायत पर नगर थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
शाम तक घर नहीं लौटी किशोरी
पुलिस को दिये आवेदन में किशोरी की मां ने बताया है कि वह वर्तमान में जहानाबाद के एक मोहल्ले में किराये के मकान में रहती हैं. उनकी 14 वर्षीय बेटी घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी. काफी खोजबीन के बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला.
मोबाइल से संपर्क कर दी जानकारी
शिकायत के अनुसार, बाद में किशोरी ने एक मोबाइल नंबर से संपर्क कर अपनी मां को बताया कि उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के कमला गंज निवासी अब्दुल कुद्दुश उसे बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से जबरन अपने साथ ले गया है. बेटी की बात सुनने के बाद मां ने उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका जतायी और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की.
पुलिस तकनीकी साक्ष्यों से कर रही जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से किशोरी की सुरक्षित बरामदगी और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
