Jehanabad News: जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के शेख आलमचक मोहल्ले में गुरुवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बुर्का पहने एक युवक मोहल्ले में घूमता हुआ दिखाई दिया. उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर स्थानीय लोगों ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की. हालांकि युवक अपनी पहचान और बुर्का पहनने का स्पष्ट कारण नहीं बता सका, जिससे लोगों का संदेह और बढ़ गया.
लोगों ने की पिटाई, डायल-112 पुलिस ने लिया हिरासत में
पूछताछ के दौरान युवक के संतोषजनक जवाब नहीं देने पर कुछ लोग आक्रोशित हो गए और उसकी पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया. इसके बाद उसे आगे की पूछताछ के लिए नगर थाना ले जाया गया.
युवक ने बताई बुर्का पहनने की वजह
प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने खुद को पश्चिम बंगाल का निवासी बताया. उसने पुलिस को बताया कि वह जहानाबाद में टाइल्स लगाने का काम करता है. युवक के अनुसार, वह एक युवती से मिलने आया था और अपनी पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहन रखा था. पुलिस अब उसके इस दावे की सत्यता की जांच कर रही है.
स्थानीय लोगों ने उठाए कई सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह जब वे अपने काम पर जा रहे थे, तभी युवक को बुर्का पहनकर घूमते देखा. पूछताछ के दौरान वह लगातार सवालों से बचता रहा. बाद में उसने बताया कि वह एक युवती से मिलने आया था. लोगों का सवाल है कि यदि वह सिर्फ मिलने आया था, तो अपनी पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनने की जरूरत क्यों पड़ी.
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. युवक के बयान, उसकी पहचान, जहानाबाद आने का उद्देश्य और अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी.
ALSO READ: अरवल में रेड रन-2026, एचआईवी-एड्स जागरूकता के लिए दौड़े युवा
