Jehanabad News : जहानाबाद शहर में श्रावण मास की शुरुआत गुरुवार से होने जा रही है. इसे लेकर जिले के शिव भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. बाबा बैद्यनाथ धाम और बराबर स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए जाने वाले कांवड़ियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. बाजारों में कांवड़, गेरुआ वस्त्र और पूजा सामग्री की खरीदारी बढ़ गई है.
कांवड़ बाजार में बढ़ी रौनक
सावन के आगमन के साथ बाजार में साधारण से लेकर आकर्षक और विशेष डिजाइन वाले कांवड़ की बिक्री शुरू हो गई है. कई श्रद्धालु अपने पुराने कांवड़ की रंगाई-पुताई और सजावट करा रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग नए कांवड़ खरीद रहे हैं. दुकानदार ग्राहकों की मांग पर वेलवेट, कृत्रिम सांप, फूल, घुंघरू और अन्य सजावटी सामग्री से विशेष कांवड़ भी तैयार कर रहे हैं.
गेरुआ वस्त्र और यात्रा सामग्री की खरीदारी तेज
कांवड़ यात्रा के लिए गेरुआ वस्त्रों की भी खूब खरीदारी हो रही है. 'बोल बम', 'ॐ नमः शिवाय' और 'डाक बम' लिखे सिले-सिलाए वस्त्र बाजार में उपलब्ध हैं. इसके अलावा टॉर्च, लाठी, झोला और यात्रा में उपयोग होने वाली अन्य आवश्यक सामग्री की बिक्री भी बढ़ गई है.
बैद्यनाथ धाम और बाबा सिद्धनाथ के लिए निकलेंगे श्रद्धालु
जहानाबाद से हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं. वहीं कई शिवभक्त बराबर स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए कांवड़ यात्रा करते हैं. पटना, फतुहा, दानापुर सहित अन्य स्थानों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर बराबर तक पैदल यात्रा करते हैं.
स्पेशल ट्रेन और बसों की बुकिंग शुरू
श्रावण मास को देखते हुए गया-जहानाबाद मार्ग से बैद्यनाथ धाम के लिए विशेष ट्रेन चलाने की तैयारी है. वहीं जिला मुख्यालय से सुल्तानगंज तक चलने वाली रिजर्व बसों की बुकिंग भी शुरू हो गई है. कई श्रद्धालु पहले ही अपनी सीटें आरक्षित करा चुके हैं.
गुरुवार को होगा श्रावणी मेले का उद्घाटन
श्रावण मास के पहले दिन गुरुवार को बराबर में श्रावणी मेले का उद्घाटन किया जाएगा. मेले का उद्घाटन जिले के प्रभारी मंत्री जमा खान करेंगे. इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उपस्थित रहने की संभावना है.
