Arwal News: आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेर प्रखंड क्षेत्र के इस्माइलपुर कोयल, जयपुर एवं मैनपुरा पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं. विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 243 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 165 आवेदनों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया. शेष आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया.
शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, भूमि विवाद, जन्म प्रमाण पत्र, पेयजल, बिजली तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई. अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए यथासंभव तत्काल समाधान सुनिश्चित किया तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का भरोसा दिलाया.
पंचायतवार आवेदनों का विवरण
इस्माइलपुर कोयल पंचायत में कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 37 का निष्पादन मौके पर किया गया. जयपुर पंचायत में 85 आवेदन मिले, जिनमें 69 मामलों का समाधान तत्काल कर दिया गया. वहीं मैनपुरा पंचायत में 90 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 59 का निष्पादन शिविर के दौरान ही किया गया.
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
सहयोग शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशील कुमार, अंचलाधिकारी उत्तम राहुल, मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, पुलिस पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
मैनपुरा पंचायत में मुखिया अशोक कुमार शर्मा, इस्माइलपुर कोयल पंचायत में मुखिया आनंद सिन्हा, सरपंच रविरंजन शर्मा एवं उपमुखिया अजय दास तथा जयपुर पंचायत में मुखिया रामदेव पासवान और भाजपा जिला कोषाध्यक्ष कुंदन पाठक भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत प्रदान करना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है. ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से उपलब्ध कराया जा रहा है.
