Arwal News: कलेर प्रखंड की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुखिया संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से पटना स्थित उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को प्रखंड की ज्वलंत समस्याओं से अवगत कराते हुए विस्तृत ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की.
मुखिया संघ अध्यक्ष के नेतृत्व में मिला प्रतिनिधिमंडल
मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में बेलाल पंचायत के मुखिया मंटू पटेल, टेरी पैक्स अध्यक्ष राम अयोध्या सिंह, जयपुर पंचायत के मुखिया राजदेव पासवान, बेलसार पंचायत के मुखिया विक्रम पासवान, उसरी पंचायत के मुखिया कैश अंसारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे.
सड़क, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं का उठाया मुद्दा
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि कलेर प्रखंड के कई गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, जल निकासी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, पंचायत भवनों के विकास और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं. इन कारणों से ग्रामीणों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
लंबित योजनाएं पूरी करने और नई योजनाओं की मांग
ज्ञापन में पंचायतों के समग्र विकास, लंबित विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने, नई विकास योजनाओं की स्वीकृति, पंचायतों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग प्रमुखता से उठाई गई.
जनहित की समस्याएं सरकार तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी : मुंद्रिका सिंह
मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का उद्देश्य क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना है. उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्री इन मांगों पर सकारात्मक पहल करेंगे, जिससे कलेर प्रखंड के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी.
मंत्री ने दिया कार्रवाई का भरोसा
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि ज्ञापन में शामिल सभी बिंदुओं की समीक्षा कर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि पंचायतों का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के आश्वासन पर विश्वास जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि कलेर प्रखंड की वर्षों पुरानी समस्याओं का जल्द समाधान होगा और विकास कार्यों में तेजी आएगी.
इसे भी पढ़ें: Prashant Kishor: 51 हजार की बढ़त से करारी हार तक, प्रशांत किशोर ने बताया क्यों खिसकी बीजेपी की जमीन
