jehanabad News : जहानाबाद जिले में हर घर तिरंगा अभियान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को जहानाबाद में 1.5 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से शुरू हुई यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी मैदान पहुंची. विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. पूरे मार्ग में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से शहर का माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा.
यात्रा का नेतृत्व समाजसेवी विक्रम कुमार ने किया. इसमें भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधान पार्षद राधा मोहन शर्मा, लोजपा नेत्री डॉ. इंदु कश्यप, समाजसेवी कुंदन कुमार शर्मा, समाजसेवी मृत्युंजय कुमार उर्फ भोला जी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, विद्यार्थी और आम नागरिक शामिल हुए.
युवाओं में दिखा खास उत्साह
तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहा था. रास्ते में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया. युवाओं और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला. बड़ी संख्या में युवा तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे.
तिरंगा एकता और गौरव का प्रतीक
यात्रा का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी विक्रम कुमार ने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, त्याग और गौरव का प्रतीक है. तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और नई पीढ़ी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए जागरूक करना है.
उन्होंने कहा कि जब हजारों लोग एक साथ तिरंगा लेकर सड़क पर निकलते हैं तो यह देश की एकता और अखंडता का संदेश देता है. जाति, धर्म और दल से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए. तिरंगे का सम्मान प्रत्येक भारतीय का गौरव है.
विक्रम कुमार ने यात्रा में शामिल सभी लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और सहयोगियों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि लोगों की भारी भागीदारी ने साबित कर दिया कि जहानाबाद की जनता के दिल में देश के प्रति अपार प्रेम है.
राधा मोहन शर्मा ने कहा- तिरंगा एकता का प्रतीक
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधान पार्षद राधा मोहन शर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है. आजादी के अमृत भाव को आगे बढ़ाने और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं.
उन्होंने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता में एकता है. तिरंगा हमें देशहित, राष्ट्रसेवा और एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. हजारों लोगों का एक साथ तिरंगा लेकर निकलना जहानाबाद की राष्ट्रभक्ति का शानदार उदाहरण है. उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी.
डॉ. इंदु कश्यप ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में भागीदारी की अपील की
लोजपा नेत्री डॉ. इंदु कश्यप ने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन युवाओं में देश के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं. आज की पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने कहा कि तिरंगा सभी देशवासियों को एक सूत्र में बांधता है. देश तभी मजबूत होगा, जब लोग आपसी भेदभाव भूलकर एकजुट होकर विकास और सम्मान के लिए काम करेंगे.
आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में शुभांकर कुमार, कौशल कुमार और शिवम कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. उन्होंने यात्रा की तैयारी, लोगों को जोड़ने, मार्ग व्यवस्था और कार्यक्रम के संचालन में सक्रिय योगदान दिया. इनके साथ बड़ी संख्या में युवाओं और कार्यकर्ताओं ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया.
