Jehanabad Teacher News: जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जिले के 39 शिक्षकों से स्पष्टीकरण पूछा है. जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) परीक्षा की प्रस्तावित तिथि 14 एवं 17 जून को लेकर संबंधित शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति कार्यालय में की गई थी.
प्रतिनियुक्ति स्थल से अनुपस्थित मिले शिक्षक
डीईओ द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि प्रतिनियुक्त शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने के दौरान यह पाया गया कि सभी संबंधित शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना के प्रतिनियुक्ति स्थल से अनुपस्थित थे. इसे परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में जिम्मेदारी के निर्वहन में लापरवाही माना गया है.
बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम के उल्लंघन का आरोप
स्पष्टीकरण पत्र में कहा गया है कि शिक्षकों का यह कृत्य विभागीय दृष्टिकोण से मान्य नहीं है तथा यह बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 के निहित प्रावधानों का घोर उल्लंघन दर्शाता है.
24 घंटे में मांगा गया जवाब
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित शिक्षकों को 24 घंटे के भीतर साक्ष्य सहित अपना-अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. साथ ही पूछा गया है कि उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई क्यों नहीं शुरू की जाए.
नो वर्क नो पे के आधार पर वेतन कटौती
स्पष्टीकरण प्राप्त होने और उस पर निर्णय लिए जाने तक संबंधित शिक्षकों का 14 जून से 17 जून तक का वेतन ‘नो वर्क नो पे’ के आधार पर काट दिया गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि इस आदेश की प्रविष्टि संबंधित शिक्षकों की सेवा पुस्तिका में भी की जाए.
इसे भी पढ़ें: बिहार में आस्था का नया केंद्र: 26 जून को 108 फीट अर्धनारीश्वर प्रतिमा का होगा प्राण प्रतिष्ठा, कलश यात्रा के साथ महायज्ञ शुरू
