जहानाबाद: जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने मंगलवार रात नगर थाना के टाइगर मोबाइल जवानों को रात्रि गश्ती के लिए ब्रीफ किया. उन्होंने पुलिसकर्मियों को संवेदनशील स्थलों पर लगातार गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच करने तथा आपातकालीन सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
एसपी ने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ रात्रि गश्ती करने के निर्देश दिए.
गश्ती वाहनों का किया निरीक्षण
रात्रि भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने काजीसराय में काको थाना की गश्ती वाहन तथा कररूआ पुल के समीप डायल-112 वाहन का निरीक्षण किया. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सक्रिय रहकर प्रभावी गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
घोसी थाना का भी किया निरीक्षण
एसपी ने घोसी थाना का निरीक्षण कर थाने के दैनिक कार्यों, मालखाना, हाजत सुरक्षा तथा अभिलेखों की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहीं. उन्होंने अभिलेखों के समुचित संधारण और थाने की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए.
चैतीपीपर कांड की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चैतीपीपर कांड की जांच की प्रगति की भी समीक्षा की. उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामले के त्वरित निष्पादन, प्रभावी अनुसंधान और बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मामले का शीघ्र निष्पादन हो सके.
इसे भी पढ़ें: Prashant Kishor: 51 हजार की बढ़त से करारी हार तक, प्रशांत किशोर ने बताया क्यों खिसकी बीजेपी की जमीन
