जहानाबाद के शिवाजी पथ बाजार में बिजली पोल पर भीषण शॉट सर्किट, धू-धू कर जले तार, मची भगदड़

Jehanabad News जहानाबाद के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले बाजार शिवाजी पथ में रविवार की दोपहर बिजली के पोल पर भीषण शॉर्ट सर्किट हो गया. तेज धमाकों के साथ तारों में आग लग गई, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई. स्थानीय लोगों पानी डालकर आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

Jehanabad News (संजय अनुराग की रिपोर्ट) जहानाबाद शहर के हृदय स्थली कहे जाने वाले और सबसे व्यस्ततम बाजार शिवाजी पथ में रविवार दोपहर उस समय अचानक दहशत फैल गई, जब एक बिजली के पोल में भयंकर शॉर्ट सर्किट हो गया. पोल पर लगे तारों का जंजाल अचानक तेज स्पार्क के साथ धू-धू कर जलने लगा. पोल से हर सेकंड चटाक-चटाक की तेज डरावनी आवाजें आ रही थीं और आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं.

रविवार दोपहर करीब 1 बजे हुई इस घटना के बाद पूरे बाजार में भगदड़ मच गई. सड़क पर चल रहे राहगीर और खरीदारी करने आए लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. देखते ही देखते बाजार की दुकानें धड़ाधड़ बंद होने लगीं. आग की भयावहता को देखकर ऐसा लग रहा था कि यह लपटें जल्द ही आसपास की दुकानों और घरों को अपनी चपेट में ले लेंगी.

दहशत में लोग, ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह थमी

पोल पर हो रहे लगातार धमाकों से डरे लोग अपने-अपने घरों और दुकानों के बिजली कनेक्शन काटने में जुट गए. कोई दौड़कर मेन स्विच ऑफ कर रहा था, तो कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के सॉकेट निकाल रहा था. चारों ओर सिर्फ इस बात की आशंका थी कि कहीं यह हाई-वोल्टेज आग पोल के जरिए उनके घरों तक न पहुंच जाए. वहीं, सड़क पर चलने वाले राहगीर इस डर से सहमे थे कि कहीं टूटकर गिरता हुआ चालू तार उनकी चपेट में न ले ले. कुछ ही मिनटों में शिवाजी पथ की पूरी ट्रैफिक व्यवस्था थम गई और गुलजार रहने वाली सड़क पर सन्नाटा पसर गया.

स्थानीय लोगों की सूझबूझ से टला हादसा, युवकों ने जलते तारों पर डाला पानी

इसी बीच, बाजार के कुछ जागरूक नागरिकों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों और कंट्रोल रूम को फोन कर घटना की जानकारी दी और शिवाजी पथ इलाके की विद्युत आपूर्ति को पूरी तरह बंद करवाया. बिजली कटते ही पोल पर हो रहे धमाके और स्पार्किंग की प्रक्रिया तो रुक गई, लेकिन इसके बावजूद पोल पर मौजूद 220 वोल्ट के तारों से आग की लपटें निकलती रहीं.

इसके बाद स्थानीय साहसी युवकों ने मोर्चा संभाला और बेहद सावधानी बरतते हुए जलते हुए तारों पर पानी डालकर आग को पूरी तरह बुझाया. आग बुझने के बाद ही दुकानदारों और राहगीरों ने राहत की सांस ली. स्थानीय लोगों के अनुसार, अगर समय रहते बिजली नहीं कटती और वह टूटकर भीड़भाड़ वाली सड़क पर गिर जाता, तो कई लोगों की जान जा सकती थी.

तारों का मकड़जाल और खराब डीपी दे रहे बड़े हादसे को न्योता

इस घटना के बाद से शिवाजी पथ और उसके आसपास के पूरे बड़े व्यापारिक इलाके में बिजली की सप्लाई पूरी तरह ठप है, जिससे उमस भरी गर्मी में लोग परेशान हैं. इस हादसे ने बिजली विभाग की पोल खोलकर रख दी है. स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पूरे जहानाबाद शहर में बिजली के पोलों पर तारों का खतरनाक मकड़जाल फैला हुआ है.

पोलों पर लगी अधिकांश डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स (DP) पूरी तरह खराब और जर्जर हो चुकी हैं. ज्यादातर घरों और दुकानों के कनेक्शन डीपी बॉक्स से सुरक्षित तरीके से देने के बजाय सीधे नंगे तारों पर जोड़ दिए गए हैं. इसके कारण तेज हवा चलने या लोड बढ़ने पर ये तार आपस में टकराते हैं और स्पार्किंग होती है. बिजली विभाग इन खराब डीपी को बदलने या जर्जर तारों को दुरुस्त करने की जहमत नहीं उठा रहा है, जिससे शहर में आगे भी किसी बड़े और जानलेवा हादसे की आशंका बनी हुई है.

Also Read: ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत युवा संगम’ के लिए बिहार के 50 युवा पंजाब रवाना, IIT पटना से मंत्री संजय कुमार ने दिखाई हरी झंडी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >