जहानाबाद में घोसी में NEET पेपर लीक के विरोध में शिक्षा मंत्री का पुतला दहन, इस्तीफे की मांग को लेकर CPM का प्रदर्शन

NEET Paper Leak Protest : NEET पेपर लीक मामले में छात्रों के आंदोलन के समर्थन में बिहार के घोसी में CPM ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। उन्होंने मंत्री से इस्तीफे की मांग की और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।

NEET Paper Leak Protest : NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चल रहे छात्र-युवा आंदोलन के समर्थन में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की बिहार राज्य कमेटी के आह्वान पर रविवार को घोसी क्षेत्र में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया.

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग

सीपीएम नेताओं ने कहा कि NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की. साथ ही शिक्षा के व्यवसायीकरण पर रोक लगाने, सभी के लिए समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था लागू करने तथा भविष्य में पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की.

'छात्रों के हित में कार्रवाई तक आंदोलन रहेगा जारी'

वक्ताओं ने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते और छात्रों के हित में ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए भ्रष्टाचार और कथित तानाशाही के खिलाफ संघर्ष तेज करने की बात कही.

कई स्थानों पर हुआ पुतला दहन

सीपीएम की शाखाओं की ओर से अहियासा, नारायण विगहा, मीरा बीघा और घोसी के अंबेडकर चौक पर पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व सीपीएम के जिला सचिव कामरेड जगदीश प्रसाद ने किया. इस दौरान दिनेश प्रसाद, दिलीप कुमार, बुधेश पासवान, उपेंद्र दास, महेंद्र राम, इसराफिल, नंदलाल प्रसाद, राम प्रवेश प्रसाद, राजद नेता नंदकिशोर प्रसाद, वैज्ञानिक चेतना मंच के नेता अरुण कुमार, अवधेश दास, सीपीआई के कृष्णदेव प्रसाद, जगदीश पासवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >