जहानाबाद में सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से कृषि सलाहकार की मौत, आक्रोशित लोगों ने ट्रक फूंका

जहानाबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार कृषि सलाहकार की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को आग के हवाले कर दिया.

Jehanabad News: जहानाबाद–बिहारशरीफ मुख्य मार्ग पर काको थाना क्षेत्र के सरस्वती मोड़ के समीप मंगलवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में साइकिल सवार कृषि सलाहकार की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया और दुर्घटना में शामिल ट्रक में आग लगा दी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी देर तक आवागमन रोकना पड़ा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान सफेपुर गांव निवासी ज्ञानचंद शर्मा (50) के रूप में हुई है. वह काको प्रखंड कृषि विभाग में अमथुआ पंचायत के कृषि सलाहकार के पद पर कार्यरत थे. बताया जाता है कि मंगलवार को ड्यूटी पूरी कर वह साइकिल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान सरस्वती मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

ट्रक के नीचे घिसटने से मौके पर ही मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ज्ञानचंद शर्मा ट्रक के नीचे आ गए और कुछ दूरी तक घिसटते चले गए. हादसे में उनका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे शुरुआती समय में पहचान करना मुश्किल हो गया. बाद में परिजनों ने कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर शव की शिनाख्त की.

चालक हिरासत में, ट्रक में लगाई आग

घटना की सूचना मिलते ही काको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया. उधर, घटना से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए. लोगों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया. इसी दौरान उग्र भीड़ ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में आग लगा दी, जिससे वाहन धू-धू कर जल उठा.

कई घंटे प्रभावित रहा यातायात

ट्रक में आग लगने और सड़क जाम होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया.

पुलिस जांच में जुटी

थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और विधि-सम्मत आगे की कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: Prashant Kishor: 51 हजार की बढ़त से करारी हार तक, प्रशांत किशोर ने बताया क्यों खिसकी बीजेपी की जमीन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Baikunth kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >