जहानाबाद नगर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर जिला आपदा प्रभारी पदाधिकारी और अंचल अधिकारी, घोषी ने घोषी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित और संभावित संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने तटबंधों की मौजूदा स्थिति के साथ मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्यों का जायजा लिया.
कमजोर तटबंधों पर मिट्टी भराई का काम जारी
निरीक्षण के दौरान कई निचले और कमजोर स्थलों पर मिट्टी भराई कर तटबंधों की ऊंचाई बढ़ाने का काम जारी मिला. कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल, एकंगरसराय और संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाने और इसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया.
निचले स्थानों पर तटबंध को और मजबूत करने का निर्देश
अधिकारियों ने चिह्नित कमजोर और निचले स्थलों पर आवश्यकता के अनुसार मिट्टी भराई कर तटबंध को ऊंचा और मजबूत करने को कहा. प्रशासन का उद्देश्य बढ़ते जलस्तर के दौरान तटबंधों से रिसाव और कटाव की आशंका को कम करना है.
सैंड बैग और जियो-टेक्सटाइल बैग से बढ़ेगी मजबूती
जिन स्थानों पर जमींदारी बांध की ऊंचाई कम है, वहां सैंड बैग, जियो-टेक्सटाइल बैग और मिट्टी भराई के साथ कम्पैक्टर से उचित कम्पैक्शन करने का निर्देश दिया गया. इससे तटबंधों की ऊंचाई और मजबूती बढ़ाने में मदद मिलेगी.
नदी और जलस्तर पर लगातार नजर रखने का निर्देश
डीएम ने कार्यपालक अभियंता को नदी और जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया. किसी भी संवेदनशील स्थल या आपात स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई करने और जिला प्रशासन को इसकी जानकारी देने को कहा गया.
तटबंध सुदृढ़ीकरण कार्य की नियमित होगी निगरानी
अंचल अधिकारी, घोषी को सभी चिह्नित स्थलों पर चल रहे मरम्मत, मिट्टी भराई और तटबंध सुदृढ़ीकरण कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया. साथ ही कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने और प्रगति की जानकारी जिला प्रशासन को देते रहने को कहा गया.
बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट
जिला प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों और तटबंधों की लगातार निगरानी कर रहा है. जरूरत के अनुसार सुरक्षात्मक और निरोधात्मक कार्य भी कराये जा रहे हैं, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके.
