जहानाबाद में पानी के अभाव में मरीज और स्वास्थ्यकर्मी परेशान, सुल्तानपुर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में पेयजल संकट गहराया

Jehanabad Drinking Water Crisis : हुलासगंज प्रखंड के सुल्तानपुर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में तीन महीने से सबमर्सिबल पंप खराब होने के कारण पेयजल व्यवस्था ठप है. मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से तत्काल मरम्मत कर पानी की सुविधा बहाल करने की मांग की है.

Jehanabad Drinking Water Crisis : प्रखंड क्षेत्र के सुल्तानपुर स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र सह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में पिछले तीन माह से सबमर्सिबल पंप खराब रहने के कारण पेयजल व्यवस्था पूरी तरह ठप है. पानी की कमी से इलाज के लिए आने वाले मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

बुनियादी सुविधाएं हुईं प्रभावित

पानी के अभाव में अस्पताल में हाथ धोने, शौचालय के उपयोग, साफ-सफाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हो गई हैं. इससे मरीजों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.

घटिया गुणवत्ता का पंप लगाने का आरोप

ग्रामीणों ने बताया कि आसपास के कई गांवों की मांग पर स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण कराया गया था, जिससे सुल्तानपुर समेत आसपास के आधा दर्जन गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने लगी थीं. लेकिन अस्पताल शुरू होने के कुछ समय बाद ही परिसर में लगा सबमर्सिबल पंप खराब हो गया. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने निम्न गुणवत्ता का सबमर्सिबल पंप लगाया था, जिसके कारण वह जल्द ही खराब हो गया. पंप बंद होने के बाद अस्पताल में पेयजल का कोई वैकल्पिक साधन उपलब्ध नहीं है.

स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा असर

अस्पताल कर्मियों का कहना है कि पीने के पानी के लिए उन्हें बाहर से व्यवस्था करनी पड़ रही है. कई बार निजी स्तर पर पानी मंगाना पड़ता है, जिससे कार्य प्रभावित होता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, सुविधा के अभाव में कई मरीज अब इलाज के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों का रुख कर रहे हैं.

निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी : बीएमओ

प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर प्रकाश ने बताया कि स्वास्थ्य उपकेंद्र का उद्घाटन लगभग एक वर्ष पूर्व हुआ था. सबमर्सिबल पंप निर्माण एजेंसी द्वारा लगाया गया था, इसलिए उसकी खराबी की जिम्मेदारी भी उसी की है. उन्होंने कहा कि मामले की सूचना जिला सिविल सर्जन कार्यालय को भेज दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है.

ग्रामीणों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ. ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से अविलंब सबमर्सिबल पंप की मरम्मत कराकर अस्पताल में पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है, ताकि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को राहत मिल सके.

इसे भी पढ़ें : पटना में नई शिक्षा नीति के विरोध में AISA का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प; यातायात भी रहा प्रभावित

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >