Jehanabad News : जहानाबाद समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया. इसमें आमजनों से प्राप्त 60 शिकायतों की गंभीरतापूर्वक सुनवाई की गयी. जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को सभी मामलों का नियमानुसार त्वरित, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
जनता दरबार में जीविका के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने, पुरानी जमाबंदी में सुधार, अतिक्रमण हटाने, विद्युत विपत्र में सुधार, बंटवारा म्यूटेशन, नल-जल और चापाकल की मरम्मति समेत राजस्व, विद्युत, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग और अन्य विभागों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए.
अंचल अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई का निर्देश
रतनी फरीदपुर अंचल से संबंधित पुरानी जमाबंदी सुधार, जहानाबाद सदर अंचल से अतिक्रमण हटाने और मोदनगंज अंचल से जुड़े बंटवारा म्यूटेशन के मामलों में जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचल अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
विद्युत विपत्र में सुधार से संबंधित मामलों में कार्यपालक अभियंता, विद्युत को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया. वहीं पीएचईडी से जुड़े नल-जल और चापाकल मरम्मति के मामलों में कार्यपालक अभियंता को पेयजल सुविधा जल्द उपलब्ध कराने और आवश्यक मरम्मति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जीविका के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के आवेदन पर भी संबंधित पदाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया.
भूमि विवाद पर हर सप्ताह होगी समीक्षा
भूमि विवाद और अतिक्रमण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने प्रभावी और समयबद्ध निष्पादन के लिए अंचल स्तर पर प्रत्येक सप्ताह यानी महीने में चार बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया. अनुमंडल स्तर पर महीने में दो और जिला स्तर पर महीने में एक बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएगी.
उन्होंने कहा कि इन बैठकों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और राजस्व एवं पुलिस पदाधिकारियों के आपसी समन्वय से मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
जनता दरबार ये पदाधिकारी रहे मौजूद
डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए आमजनों की समस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए. किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. जनता दरबार में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे.
