Jahanabad News: जहानाबाद में पटना–गया रेलखंड पर स्थित जहानाबाद रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक रूप देने का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है. करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा नया स्टेशन भवन जल्द यात्रियों के लिए खोलने की तैयारी में है, हालांकि तय समयसीमा को लेकर अब भी संशय बना हुआ है.
निर्माण कार्य अंतिम चरण में, लेकिन डेडलाइन फिर से सवालों में
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहा निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में बताया जा रहा है. हालांकि पहले भी दो बार इसकी डेडलाइन समाप्त हो चुकी है, और अब जून तक का नया लक्ष्य रखा गया है. ऐसे में यह देखना अहम होगा कि कार्य समय पर पूरा हो पाता है या नहीं.
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, नया स्टेशन भवन तैयार
नए भवन में यात्रियों के लिए पीआरएस, यूटीएस, आधुनिक वेटिंग हॉल जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. इसके अलावा स्टेशन को पूरी तरह मॉडल स्टेशन के रूप में तैयार करने की योजना है, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके.
2024 की डेडलाइन पहले ही हो चुकी है मिस
जानकारी के अनुसार इस परियोजना को वर्ष 2024 तक पूरा किया जाना था, लेकिन निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण यह अब तक अधूरा है। दिसंबर 2024 की डेडलाइन भी मिस हो चुकी है, जिससे यात्रियों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है।
2023 में हुआ था चयन, 23 करोड़ की लागत से हो रहा विकास
जहानाबाद स्टेशन को वर्ष 2023 में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित किया गया था. करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से यहां नए स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म विकास और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है.
प्लेटफॉर्म पर कैफेटेरिया और प्रतीक्षालय की सुविधा भी
परियोजना के तहत प्रत्येक प्लेटफॉर्म पर कैफेटेरिया और प्रतीक्षालय बनाने की योजना है. साथ ही नए भवन में पोर्च निर्माण भी किया जाएगा, जिससे यात्रियों के आगमन और प्रस्थान को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके.
पुराने भवन को हटाने के बाद बढ़ी परेशानी, अब जगी उम्मीद
निर्माण कार्य के दौरान पुराने स्टेशन भवन को पूरी तरह हटा दिया गया है, जिसके कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा. हालांकि अब काम दोबारा तेज होने से यात्रियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन का लाभ मिलेगा.
