Action against sand mining : जहानाबाद जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. मंगलवार को जिला खनन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घोसी, विशुनगंज थानाध्यक्ष, खान निरीक्षक और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने विशुनगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव के समीप बराबर पहाड़ के पीछे छापेमारी की. जांच और मापी के दौरान यहां करीब 33,000 सीएफटी अवैध रूप से भंडारित बालू मिला, जिसे जब्त कर लिया गया.
8 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
जांच के दौरान कुल आठ अवैध खननकर्ता और भंडारणकर्ता चिह्नित किये गये. इनके खिलाफ विशुनगंज थाना में नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. साथ ही संबंधित अवैध खननकर्ताओं पर करीब 40 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया है.
बिना चालान गिट्टी लदा ट्रैक्टर जब्त
अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ बुधवार को भी कार्रवाई जारी रही. जहानाबाद बाईपास पर राजा बाजार के समीप छापेमारी के दौरान बिना वैध चालान के गिट्टी का परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया. वाहन को नगर थाना में जब्त करते हुए 1.25 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया.
वैध कागजात के साथ ही करें परिवहन
जिला खनन पदाधिकारी ने खनिज के परिवहन से जुड़े लोगों से अपील की है कि बालू, गिट्टी अथवा अन्य खनिजों का परिवहन केवल वैध कागजात और चालान के साथ करें. बिना वैध अनुज्ञप्ति के खनन अथवा भंडारण नहीं करें. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
