जहानाबाद में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा 'हर घर तिरंगा' अभियान, 12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

जहानाबाद में 9 से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान जन-आंदोलन का स्वरूप लेगा. हर प्रखंड में 4000 झंडे बांटे जाएंगे और 12 अगस्त को निकलेगी जिला स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा.

jehanabad News : जहानाबाद जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में गुरुवार को हर घर तिरंगा अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में राष्ट्रीय ध्वज वितरण, तिरंगा यात्रा, जन-जागरूकता कार्यक्रम और विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए.

हर प्रखंड में वितरित होंगे 4,000 राष्ट्रीय ध्वज

जिला पदाधिकारी ने बताया कि 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा. प्रत्येक प्रखंड में करीब 4,000 राष्ट्रीय ध्वजों का क्रय एवं वितरण किया जाएगा. तिरंगों का वितरण ग्राम पंचायतों, जीविका स्वयं सहायता समूहों, पैक्स और अन्य स्थानीय संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा.

जीविका दीदियों के बनाए तिरंगों को मिलेगा बढ़ावा

बैठक में निर्देश दिया गया कि जीविका दीदियों द्वारा तैयार किए गए राष्ट्रीय ध्वजों का व्यापक स्तर पर वितरण सुनिश्चित किया जाए. इससे अभियान को गति मिलने के साथ महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा.

12 अगस्त को निकलेगी जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा

बैठक में बताया गया कि 12 अगस्त को जिला स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा हॉस्पिटल मोड़ से गांधी मैदान तक निकाली जाएगी, जिसमें जिले के प्रभारी मंत्री की उपस्थिति प्रस्तावित है. सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों की इसमें अनिवार्य भागीदारी होगी. इसी प्रकार सभी प्रखंडों में भी बीडीओ के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी.

सांस्कृतिक कार्यक्रम और जन-जागरूकता गतिविधियों पर जोर

अभियान के दौरान वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, 'सेल्फी विद तिरंगा', तिरंगा रंगोली, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बाइक एवं साइकिल रैली सहित विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. 15 अगस्त की शाम हर घर तिरंगा थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें छात्र-छात्राएं और स्थानीय कलाकार राष्ट्रभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे.

सरकारी भवनों को तिरंगे की रोशनी से सजाने का निर्देश

जिला पदाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों एवं प्रमुख सार्वजनिक भवनों को त्रिवर्णीय रोशनी से सजाने तथा राष्ट्रीय पर्व के अनुरूप वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए. साथ ही प्रत्येक प्रखंड में तिरंगों की समयबद्ध उपलब्धता और वितरण सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा. बैठक में पुलिस अधीक्षक, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >