jehanabad News : घोसी नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण जगह-जगह कचरे का अंबार लग गया है. मुख्य बाजार, सड़क किनारे, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़े के ढेर जमा होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लगातार सफाई कार्य ठप रहने से वातावरण दूषित होने लगा है और दुर्गंध के कारण दुकानदारों व राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत के सफाई कर्मियों को पिछले दो माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है. वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए हड़ताल शुरू कर दी है. सफाई कर्मियों का कहना है कि समय पर वेतन नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है. उन्होंने बकाया वेतन का जल्द भुगतान करने की मांग की है. उनका कहना है कि मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी.
सफाई व्यवस्था जल्द बहाल कराने की मांग
हड़ताल के कारण घोसी बाजार समेत नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में नियमित कचरा उठाव पूरी तरह प्रभावित हो गया है. कई स्थानों पर कूड़े के ढेर से दुर्गंध फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है. स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार में फैली गंदगी से ग्राहकों को परेशानी हो रही है और इसका असर कारोबार पर भी पड़ रहा है. वहीं आम नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से सफाई व्यवस्था जल्द बहाल कराने और सफाई कर्मियों की वेतन संबंधी समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो गंदगी की समस्या और गंभीर हो सकती है तथा जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है.
