Jehanabad News : घोसी थाना क्षेत्र के भारथु गांव में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर दुकान का छप्पर तोड़कर अंदर घुसे और करीब 30 हजार रुपये नगद समेत लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार भारथु गांव निवासी अवधेश गुप्ता की खपड़ैल किराना दुकान है. रोज की तरह वह गुरुवार की रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर अपने घर सोने चले गए. देर रात चोरों ने दुकान के खपड़ैल छप्पर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे नगद रुपये के साथ दुकान में रखे कई कीमती सामान चोरी कर लिए.
सुबह खुली दुकान तो उड़ गए होश
शुक्रवार की सुबह जब अवधेश गुप्ता दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए. दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले की जांच करने पर उसमें रखा करीब 30 हजार रुपये नगद गायब मिला. इसके बाद उन्हें चोरी की घटना की जानकारी हुई.
उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही घोसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.
अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
ग्रामीणों में डर, गश्ती बढ़ाने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है.
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.
