जहानाबाद सदर अस्पताल में नवजात की मौत, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

Jehanabad Sadar Hospital : जहानाबाद सदर अस्पताल में एक नवजात की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया. परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया.

Jehanabad Sadar Hospital : जहानाबाद सदर अस्पताल के विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में शुक्रवार को एक नवजात की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. परिजनों ने इलाज में लापरवाही और समय पर सही जानकारी नहीं देने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया. फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

Jehanabad Sadar Hospital : एसएनसीयू में भर्ती नवजात की इलाज के दौरान मौत

जानकारी के अनुसार, कल्पा थाना क्षेत्र के निरंजन बिगहा निवासी पूनम कुमारी को गुरुवार को प्रसव के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया, जो परिवार की पहली संतान थी. जन्म के कुछ समय बाद नवजात की तबीयत बिगड़ने पर उसे शुक्रवार को एसएनसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया.

परिजनों का आरोप- समय पर नहीं दी गई गंभीर स्थिति की जानकारी

परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान उन्हें बताया गया कि नवजात को ऑक्सीजन की आवश्यकता है, जिसके बाद उसे आपातकालीन कक्ष में ले जाया गया. कुछ देर बाद बच्चे की मौत की सूचना दी गई. उनका कहना है कि बच्चे की गंभीर स्थिति की जानकारी समय रहते नहीं दी गई और पहले लगातार यही बताया जाता रहा कि उसकी हालत सामान्य है.

Jehanabad News : उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर नहीं करने पर भी उठाए सवाल

मृत नवजात के परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि बच्चे की स्थिति अधिक गंभीर थी तो उसे समय रहते किसी उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जाना चाहिए था. उनका कहना है कि ऐसा नहीं किए जाने से इलाज का बेहतर अवसर नहीं मिल सका. इन आरोपों की आधि रूप से पुष्टि नहीं हुई है और अस्पताल प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार है.

नवजात की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने एसएनसीयू के बाहर हंगामा किया और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया. नवजात की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. जानकारी अनुसार अस्पताल में तैनात कर्मी विपिन के साथ मार पीट भी की गई है.

अस्पताल प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार

समाचार लिखे जाने तक इस मामले में अस्पताल प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था. मामले की जांच या आगे की कार्रवाई को लेकर भी कोई औपचारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

Also Read : जहानाबाद एसपी ने रजिस्टर से लेकर लंबित केस तक की जांच, पुलिसकर्मियों को मिली सख्त चेतावनी



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ashok Jehanabad

Published by: Sakshi Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >