Jehanabad News : जहानाबाद के हुलासगंज थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में नामी-गिरामी कंपनियों के नाम और रैपर का इस्तेमाल कर नकली दवा एवं कॉस्मेटिक उत्पाद तैयार करने के कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है. ब्रांड प्रोटेक्शन सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड की टीम ने पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर करीब 20 लाख रुपये मूल्य की नकली दवा समेत लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की सामग्री बरामद की है. मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
बाहर से मकान बंद, अंदर चल रहा था नकली कारोबार
बताया गया कि तुलसीपुर गांव में शतीश यादव के मकान में नकली दवा और कॉस्मेटिक उत्पाद तैयार किये जा रहे थे. मकान के बाहर ताला लगा रहता था, जबकि अंदर कथित तौर पर नकली उत्पाद तैयार करने का काम चल रहा था. छापेमारी के दौरान दवा बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल, रैपर, पैकिंग सामग्री और अन्य सामान बरामद किये गये.
कई नामी कंपनियों के नाम और रैपर का इस्तेमाल
छापेमारी में बरामद सामग्री की जांच के दौरान डाबर इंडिया, सिप्ला, एलेम्बिक, हिमालया समेत कई ब्रांडेड कंपनियों के नाम और रैपर का इस्तेमाल कर नकली दवा एवं अन्य उत्पाद तैयार किये जाने की जानकारी सामने आयी. टीम ने नकली उत्पादों से संबंधित विभिन्न सामग्री भी जब्त की है.
पटना और गया की मंडियों तक पहुंचता था माल
ब्रांड प्रोटेक्शन सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर मोहम्मद मुस्तफा हुसैन के अनुसार, नकली उत्पादों की सप्लाई पटना और गया की थोक दवा मंडियों के अलावा जहानाबाद और आसपास के जिलों में की जाती थी. कंपनी की टीम को पहले पटना और नवादा में छानबीन के दौरान भी इस नेटवर्क से जुड़े कुछ सुराग मिले थे.
गुप्त सूचना के बाद पुलिस के साथ हुई छापेमारी
मुस्तफा हुसैन ने बताया कि नकली दवा और कॉस्मेटिक उत्पाद तैयार किये जाने की गुप्त सूचना मिलने के बाद कंपनी की टीम ने जहानाबाद के एसपी कोटा किरण कुमार से मुलाकात की. एसपी के निर्देश पर हुलासगंज पुलिस के सहयोग से तुलसीपुर गांव में छापेमारी की गयी. कार्रवाई में करीब 20 लाख रुपये की नकली दवा और अन्य उत्पाद समेत कुल 50 लाख रुपये मूल्य की सामग्री बरामद की गयी.
उत्पादन से सप्लाई तक काम कर रहा था नेटवर्क
कंपनी की छानबीन में नकली उत्पादों के उत्पादन से लेकर बाजार में सप्लाई तक एक नेटवर्क के काम करने की जानकारी सामने आयी है. जांच में शहबाज मल्लिक, निवासी राजाबाजार सावनपुरा, पटना, सादिक अजीज, छोटी तेलपा, सारण और विकास कुमार के नाम सामने आये हैं. पुलिस के अनुसार, विकास कुमार तुलसीपुर में तैयार किये गये नकली उत्पादों को जहानाबाद और आसपास के जिलों में सप्लाई करता था.
विकास कुमार गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश
छापेमारी के बाद पुलिस ने तुलसीपुर निवासी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस उससे पूछताछ कर नकली उत्पादों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. मामले में चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
हुलासगंज थानाध्यक्ष अरविंद किशोर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के आधार पर नकली उत्पादों से जुड़े गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
