जागरूकता रैली निकाल मताधिकार के महत्व को समझाया

इसी क्रम में घोसी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 190, श्रीपुर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

जहानाबाद नगर. विधानसभा आम निर्वाचन के मद्देनज़र, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय के कुशल निर्देशन में स्वीप कोषांग द्वारा जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार के महत्व को समझे और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें. इसी क्रम में घोसी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 190, श्रीपुर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में अपर समाहर्ता सह वरीय नोडल पदाधिकारी, जिला स्वीप कोषांग राजीव कुमार एवं जिला स्वीप आइकॉन सह जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे अमित कुमार ने भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें आगामी 11 नवंबर को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुँचकर निर्भय, निष्पक्ष एवं उत्साहपूर्वक मतदान करने की अपील की. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी है, जिसके माध्यम से हम बेहतर शासन और सशक्त लोकतंत्र की नींव रख सकते हैं. राजीव कुमार ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए, वहीं अमित कुमार ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार, पड़ोस एवं मित्रों को भी मतदान के प्रति प्रेरित करें ताकि क्षेत्र में शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके. इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने भी यह संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं मतदान करेंगे, बल्कि अपने आसपास के सभी लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे. स्वीप कोषांग का उद्देश्य जिले के हर मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचाकर सशक्त, जागरूक एवं सहभागी लोकतंत्र बनाने में सहयोग करना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMLESH PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >