जहानाबाद में उत्पाद विभाग के अधिकारियों पर 2.10 लाख रुपये की अवैध वसूली का आरोप, प्राथमिकी दर्ज

Excise Department jehanabad: जहानाबाद में उत्पाद विभाग के अधिकारियों पर वाहन जांच के दौरान 2.10 लाख रुपये की अवैध वसूली और मारपीट का गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित की शिकायत पर हुलासगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है, और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Excise Department jehanabad: जहानाबाद जिले में उत्पाद विभाग के अधिकारियों पर अवैध वसूली और मारपीट का गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित की शिकायत पर हुलासगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

वाहन जांच के दौरान रोकने का आरोप

नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मनीचक गांव निवासी अम्पू कुमार ने हुलासगंज थानाध्यक्ष को दिए आवेदन में बताया कि 9 मार्च 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे वह अपने साथी श्याम सुंदर शर्मा के साथ गया जिले से इस्लामपुर लौट रहे थे. इसी दौरान हुलासगंज के चुहड़मल चौक के पास उत्पाद विभाग की टीम वाहन जांच कर रही थी.

पीड़ित के अनुसार, उनकी गाड़ी (बीआर 01 एचटी 3074) को रोकने के बाद उत्पाद विभाग के कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की और गाड़ी की चाबी तथा दो मोबाइल फोन छीन लिए.

चार अधिकारियों को बनाया नामजद

शिकायत में उत्पाद निरीक्षक मुकेश कुमार, अवर निरीक्षक रंजीता सिंह, सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार और सहायक अवर निरीक्षक नरसिंह सिंह को नामजद किया गया है. पीड़ित का आरोप है कि अधिकारियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथी श्याम सुंदर शर्मा की जेब से 60 हजार रुपये निकाल लिए.

शराब के केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप

आवेदन के अनुसार, दोनों को साहो विगहा नहर के पास ले जाकर दोबारा मारपीट की गई. वहां अम्पू कुमार से 1.50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई और धमकी दी गई कि रुपये नहीं देने पर उनकी गाड़ी में दो पेटी शराब रखकर उन्हें जेल भेज दिया जाएगा. डर के कारण अम्पू कुमार ने अपने पिता से संपर्क कर रुपये मंगवाए. पीड़ित का आरोप है कि इस तरह कुल 2.10 लाख रुपये की अवैध वसूली की गई.

वीडियो बनाकर बयान दिलाने का भी आरोप

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि रुपये लेने के बाद मद्यनिषेध अवर निरीक्षक रंजीता सिंह ने साहो विगहा नहर के पास उनका वीडियो बनाया. वीडियो बनाने से पहले कथित रूप से धमकाकर उनसे यह कहलवाया गया कि उनके साथ कोई मारपीट नहीं हुई है.

हुलासगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए हुलासगंज थाना में कांड संख्या 238/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें: बिहार में शुरू हुई हेली-एयर टूरिज्म सेवा, पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जाने पर मिलेगी सब्सिडी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >