जहानाबाद इंडस्ट्रियल एस्टेट का DM ने किया निरीक्षण, उत्पादन शुरू नहीं करने वाली इकाइयों को नोटिस का निर्देश

जहानाबाद जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने इंडस्ट्रियल एस्टेट का निरीक्षण किया. उत्पादन शुरू न करने वाली औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. रोजगार और निवेश बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया.

Jehanabad News : जहानाबाद जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने गुरुवार को इंडस्ट्रियल एस्टेट, बियाडा, जहानाबाद का निरीक्षण कर औद्योगिक इकाइयों की वर्तमान स्थिति और उत्पादन गतिविधियों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को बंद और निष्क्रिय इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

23 में 13 औद्योगिक इकाइयां हैं संचालित

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र ने बताया कि इंडस्ट्रियल एस्टेट में कुल 23 औद्योगिक इकाइयां आवंटित हैं. इनमें से 13 इकाइयां वर्तमान में संचालित हैं, जबकि दो इकाइयों का निस्तारण अमनेस्टी पॉलिसी-2025 के तहत किया गया है. वहीं सात नव-आवंटित इकाइयों के भवन निर्माण का कार्य प्रगति पर है और एक इकाई का मामला लिक्विडेशन से संबंधित होने के कारण न्यायालय में लंबित है.

उत्पादन शुरू नहीं करने वालों को जारी होगा नोटिस समीक्षा के बाद जिला पदाधिकारी ने बियाडा अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर उत्पादन शुरू नहीं करने वाली सभी औद्योगिक इकाइयों को तत्काल नोटिस जारी किया जाए. उन्होंने कहा कि नोटिस के बावजूद यदि इकाइयां उत्पादन शुरू नहीं करती हैं, तो बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) के प्रावधानों के तहत उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए.

रोजगार और निवेश बढ़ाने पर जोर

डीएम ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों का समय पर संचालन जिले में औद्योगिक विकास, निवेश को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के लिए बेहद जरूरी है. उन्होंने सभी आवंटित इकाइयों को निर्धारित शर्तों और समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

कई अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, बियाडा के संबंधित पदाधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >