Jehanabad News : जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने घोसी स्थित पैरामेडिकल संस्थान में आयोजित आशा कार्यकर्ताओं के एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह कार्यशाला में भाग लिया. कार्यशाला का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाना, आशा कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता बढ़ाना तथा शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करना था.
डीएम ने सभी आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र की प्रत्येक गर्भवती महिला का नियमित रूप से ट्रैक करें, समय पर पंजीकरण कराएं तथा निर्धारित समय पर चार अनिवार्य प्रसव पूर्व जांच हर हाल में सुनिश्चित करें.
खराब प्रदर्शन पर चेतावनी, बेहतर कार्य पर होगा सम्मान
डीएम ने घोसी एवं मोदनगंज प्रखंड की संस्थागत प्रसव में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली 10-10 आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें कड़ी चेतावनी दी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी आशा कार्यकर्ता के क्षेत्र में घर पर प्रसव नहीं होना चाहिए और प्रत्येक गर्भवती महिला का सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 20 आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा, जबकि खराब प्रदर्शन करने वाली 20 आशा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
एम-आशा ऐप नियमित अपडेट करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने सभी आशा कार्यकर्ताओं को एम-आशा ऐप का नियमित एवं शत-प्रतिशत अद्यतन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला से संबंधित सभी सूचनाएं समय पर ऐप में दर्ज की जाएं. यदि किसी महिला का संस्थागत प्रसव दूसरे जिले में भी होता है, तो उसकी जानकारी तत्काल संबंधित आशा फैसिलिटेटर को उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी लाभार्थी छूटने न पाए.
सुरक्षित मातृत्व और नवजात देखभाल पर हुआ मंथन
कार्यशाला के दौरान सुरक्षित मातृत्व, नवजात शिशु देखभाल, टीकाकरण, पोषण, परिवार नियोजन तथा समुदाय आधारित स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. डीएम ने सभी आशा कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव का लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया.
कार्यशाला में अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम), सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य), जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, संबंधित प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, आशा फैसिलिटेटर तथा घोसी एवं मोदनगंज प्रखंड की बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे.
