जहानाबाद में सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम की सख्ती, अंडरपास निर्माण और यातायात नियमों के पालन पर दिए निर्देश

जहानाबाद में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. अंडरपास निर्माण की समीक्षा, यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, और गोल्डन ऑवर में त्वरित उपचार को प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए गए.

Jehanabad News: जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार की उपस्थिति में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जिले में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई.

अरवल मोड़ अंडरपास निर्माण कार्य की समीक्षा

बैठक के दौरान अरवल मोड़ स्थित रेलवे अंडरपास निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि अंडरपास के दक्षिणी हिस्से की सड़क का ढलाई कार्य पूरा हो चुका है. क्यूरिंग अवधि समाप्त होने के बाद इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा, जिसके बाद उत्तरी हिस्से का निर्माण कार्य शुरू होगा.

जिला पदाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के कार्यपालक अभियंता को क्विक सेटिंग सीमेंट का उपयोग कर निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.

यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

डीएम ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जाए. दोषियों पर चालान सहित विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.

एनएच-33 किनारे झाड़ियों की कटाई का निर्देश

राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के दोनों किनारों पर उगी झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराने का निर्देश दिया गया, ताकि सड़क की दृश्यता बेहतर हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके.

गोल्डन ऑवर में उपचार को प्राथमिकता

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के बाद गोल्डन ऑवर के महत्व पर विशेष चर्चा हुई. डीएम ने निर्देश दिया कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को पहले एक घंटे के भीतर त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता हो. इसके लिए एम्बुलेंस सेवाओं को सुदृढ़ रखने और अस्पतालों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा गया.

साथ ही दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के परिजनों को बिहार सरकार की आर्थिक सहायता योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया.

पार्किंग और ऑटो-टेम्पो संचालन होगा व्यवस्थित

नगर क्षेत्र में जाम की समस्या को कम करने के लिए उपयुक्त पार्किंग स्थलों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा टेम्पो और ऑटो रिक्शा परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए कलर कोडिंग प्रणाली लागू कर निर्धारित रूट पर ही वाहनों का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

ब्लैक और ग्रे स्पॉट पर सुरक्षा उपाय तेज होंगे

बैठक में जिले के सभी ब्लैक और ग्रे स्पॉट की समीक्षा की गई. संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रोड मार्किंग, क्रैश बैरियर और चेतावनी संकेतक लगाने सहित अन्य सुरक्षा उपाय प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया.

समन्वित प्रयास से दुर्घटनाओं में कमी लाने पर जोर

जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जिले में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के कार्यपालक अभियंता, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >