Jehanabad News: जिले के 40वें जिला स्थापना दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया तथा पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ सम्मान थीम पर आधारित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छता, महिला सम्मान, महिला सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा.
अस्पताल मोड़ से शुरू हुआ विशेष स्वच्छता अभियान
कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल मोड़ और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान से हुई. जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने स्वयं सफाई अभियान में भाग लेकर सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की. साथ ही लोगों से स्वच्छ और सुंदर जहानाबाद के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.
बच्चों के साथ निकली प्रभात फेरी
इसके बाद जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विद्यालय के बच्चों की प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी बच्चों के साथ इसमें शामिल हुए. प्रभात फेरी अस्पताल मोड़ से शुरू होकर बत्तीसभबरिया, अंबेडकर चौक होते हुए कारगिल चौक पर संपन्न हुई. प्रभात फेरी के दौरान स्वच्छता, महिला सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और नागरिक उत्तरदायित्व से जुड़े संदेश दिए गए.
विकास भवन परिसर में किया गया वृक्षारोपण
समाहरणालय परिसर स्थित विकास भवन के सामने पार्क में वृक्षारोपण भी किया गया. इस अवसर पर डीएम छिरिङ वाई भूटिया ने कहा कि पर्यावरण का सम्मान ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है. उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी बताया.
बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम में भी चला सफाई अभियान
40वें जिला स्थापना दिवस के अवसर पर श्रावणी मेला के तहत बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, बराबर में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और संबंधित कर्मियों ने भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया. मेला क्षेत्र और आसपास की साफ-सफाई कर श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया. साथ ही श्रद्धालुओं से मेला परिसर को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की गई.
बड़ी संख्या में अधिकारी और छात्र-छात्राएं रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए.
