Jehanabad News: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) वार रूम के कोऑर्डिनेटर सह बिहार प्रभारी विवेक भटनागर ने शुक्रवार को जहानाबाद जिले का संगठनात्मक दौरा किया. जिले में आगमन पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रो. संजीव कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. नेताओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया. इसके बाद जिले में संगठन की मजबूती और विस्तार को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
90 फीसदी प्रखंडों में अध्यक्ष नियुक्त, शेष पर तय समय में फैसला
बैठक को संबोधित करते हुए बिहार प्रभारी विवेक भटनागर ने 'संगठन सृजन अभियान' की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिले के लगभग 90 प्रतिशत प्रखंडों में प्रखंड अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है. उन्होंने जिला नेतृत्व को निर्देश दिया कि शेष बचे 10 फीसदी प्रखंडों में भी तय समय-सीमा के भीतर योग्य और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्रखंड अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि जमीनी स्तर पर संगठन पूरी तरह सक्रिय हो सके.
संगठन सृजन और बूथ स्तर तक मजबूती पर जोर
समीक्षा बैठक के दौरान आगामी राजनीतिक चुनौतियों और बूथ स्तर तक संगठन को धारदार बनाने की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ. प्रभारी ने स्पष्ट किया कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य पार्टी में ऊर्जावान चेहरों को आगे लाना और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को तेज करना है.
बैठक में मुख्य रूप से कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रो. संजीव कुमार, जिला प्रवक्ता प्रो. भूषण कुमार सिंह, पूर्व अध्यक्ष हरिनारायण द्विवेदी, प्रांतीय नेता अशोक कुमार "प्रियदर्शी", नगर अध्यक्ष सरवर सलीम सहित अन्य प्रमुख कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
