जहानाबाद स्टेशन पहुंचे पूर्व-मध्य रेल जीएम: 15 मिनट के विंडो निरीक्षण में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

पूर्वा-मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने जहानाबाद रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने यात्री सुविधाओं का जायजा लिया और नए स्टेशन भवन को दिसंबर तक हर हाल में पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया.

Jehanabad Rail News: पूर्व-मध्य रेल (हाजीपुर) के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने जहानाबाद रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया. दानापुर से पतरातू तक ट्रैक निरीक्षण पर जाने के क्रम में जीएम जहानाबाद स्टेशन पर रुके और यहां चल रहे यात्री सुविधा विस्तार कार्यों का जायजा लिया. इस दौरान दानापुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) समेत कई वरिष्ठ रेल अधिकारी मौजूद रहे. जीएम अधिकारियों के साथ सैलून से विंडो निरीक्षण करते हुए स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंचे. लगभग 15 मिनट स्टेशन पर रुकने के दौरान उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली और आवश्यक सुझाव दिए.

नए स्टेशन भवन को दिसंबर तक पूरा करने का अल्टीमेटम

जीएम ने स्टेशन के सुंदरीकरण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा. जीएम ने स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए नए स्टेशन भवन को हर हाल में दिसंबर तक पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्री सुविधाओं, व्यवस्था और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. निरीक्षण संपन्न करने के बाद वे अधिकारियों के साथ सैलून से गया की ओर रवाना हो गए. जीएम के आगमन को लेकर स्थानीय रेल प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी पूरी तरह मुस्तैद दिखे.

स्टेशन पर दिखी विशेष स्वच्छता

जीएम के पहले निरीक्षण कार्यक्रम की सूचना के बाद स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर रात से ही व्यापक सफाई, रंगाई-पोताई की गई. आम दिनों की तुलना में स्टेशन की व्यवस्था काफी बेहतर नजर आई.

स्टेशन का निरीक्षण करते जीएम | Prabhat Khabar Network

नियमित रख-रखाव पर भी ध्यान देने की मांग

स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि उच्चाधिकारियों के निरीक्षण के समय जिस तरह स्टेशन और ट्रैक परिसर को व्यवस्थित किया जाता है, उसी प्रकार की नियमित स्वच्छता व्यवस्था आम दिनों में भी बनी रहनी चाहिए. यात्रियों ने मांग की कि स्वच्छता और मेंटेनेंस का टेंडर लेने वाली एजेंसियों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि सभी प्लेटफॉर्म प्रतिदिन पूरी तरह स्वच्छ और सुव्यवस्थित रहें. वहीं, रेल अधिकारियों का कहना है कि स्टेशनों पर स्वच्छता और यात्री सुविधाओं का रख-रखाव एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और इसमें उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है.

Also Read: जहानाबाद में बैंक हड़ताल से 100 करोड़ से अधिक का लेनदेन प्रभावित, 30 एटीएम बंद होने का दावा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृत्युंजय कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >