Jahanabad News : जहानाबाद जिले के घोसी प्रखंड स्थित ग्राम कॉम्प्लेक्स भवन में शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री के सफल 100 दिन का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। आयोजन में प्रखंड स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
पूर्वाह्न 11:30 बजे ग्राम कॉम्प्लेक्स में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जीविका दीदियों ने वेबकास्टिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय समारोह से सीधा जुड़कर मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना. इस दौरान सरकार द्वारा बीते 100 दिनों में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई.
घोसी के सभी पंचायत सरकार भवनों में कार्यक्रम हुआ
यह उत्साह केवल प्रखंड मुख्यालय तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि घोसी प्रखंड की सभी पंचायत सरकार भवनों में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. पंचायतों में मुखिया, वार्ड सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर समारोह को सफल बनाया.
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अमरजीत कुमार ने बताया कि इस खास अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मियों, जीविका दीदियों और स्थानीय उद्यमियों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना, स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और सरकार की योजनाओं को सीधे आम जनता तक पहुंचाना है. कार्यक्रम का समापन 'स्वच्छ, हरित और विकसित बिहार' के निर्माण के संकल्प के साथ किया गया.
