जहानाबाद में कार-बाइक की टक्कर में युवक की मौत, दो गंभीर घायल; पीएमसीएच रेफर

जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार और बाइक की जोरदार टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है.

Road Accident : जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र के औलियाचक के समीप कार और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद लाया गया. यहां चिकित्सकों ने 32 वर्षीय संजय प्रसाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अनीश कुमार और भुर्रू यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया.

जानकारी के अनुसार, काको थाना क्षेत्र के तिवारी बीघा गांव निवासी संजय प्रसाद अपने खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान किसी जरूरी काम से बाइक से बाजार जा रहे थे. बाइक पर उनके साथ अनीश कुमार और भुर्रू यादव भी सवार थे. जैसे ही वे औलियाचक के समीप पहुंचे, सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

इलाज के दौरान एक की मौत

दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने संजय प्रसाद को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. वहीं अनीश कुमार और भुर्रू यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया. अनीश कुमार तिवारी बीघा और भुर्रू यादव सातनपुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

कार जब्त, सवार लोग हिरासत में

घटना की सूचना मिलने के बाद काको थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है. कार में सवार लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

धान की रोपनी के लिए गांव आया था संजय

संजय प्रसाद दूसरे राज्य में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. धान की रोपनी के लिए वह छुट्टी लेकर गांव आए हुए थे. परिवार के साथ खेती के काम में हाथ बंटाने के दौरान ही सड़क हादसे में उनकी जान चली गई. संजय की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >