जहानाबाद: बंद फ्लैट का ताला तोड़कर 75 हजार नकद और जेवर समेत लाखों की चोरी

जहानाबाद के होरिलगंज में एक चार मंजिला मकान के बंद फ्लैट को चोरों ने निशाना बनाया. ताला तोड़कर लाखों के जेवर, 75 हजार कैश, कपड़े और घरेलू उपकरण ले उड़े. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है.

Jehanabad News : जहानाबाद शहर के कोर्ट एरिया स्थित होरिलगंज में निबंधन कार्यालय एवं पुलिस क्लब के समीप बने चार मंजिला मकान में अज्ञात चोरों ने बंद फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने फ्लैट से 75 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, कीमती साड़ियां, कपड़े समेत बिजली और किचन के उपकरण चुरा लिये. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

ग्रामीण कार्य विभाग के कर्मचारियों ने दी सूचना

जानकारी के अनुसार, परसबिगहा थाना क्षेत्र के कसई गांव निवासी अजीत कुमार का होरिलगंज में चार मंजिला मकान है. मकान के निचले तीन तलों पर ग्रामीण कार्य विभाग का कार्यालय संचालित होता है, जबकि सबसे ऊपरी मंजिल पर उनके दिवंगत छोटे भाई का परिवार रहता है.

गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे ग्रामीण कार्य विभाग के कर्मचारियों ने गृहस्वामी को सूचना दी कि ऊपर स्थित फ्लैट का ताला टूटा हुआ है. सूचना मिलते ही अजीत कुमार परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे. वहां मुख्य दरवाजे के साथ-साथ गोदरेज और अलमारी के ताले भी टूटे हुए मिले. घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था.

अलमारी से 75 हजार नकद और जेवर गायब

पीड़ित अजीत कुमार ने बताया कि छानबीन करने पर अलमारी में रखे 75 हजार रुपये नकद, कई कीमती साड़ियां और सोने-चांदी के जेवर गायब मिले. इसके अलावा चोर रसोई घर से गैस सिलेंडर और मिक्सर ग्राइंडर भी ले गये.

इनवर्टर और बैटरी भी नहीं छोड़ी

बेखौफ चोरों ने घर में लगा इनवर्टर और उसकी बैटरी भी चुरा ली. चोरी की घटना से अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने फ्लैट के अंदर काफी देर तक रहकर सामान समेटा और फिर मौके से फरार हो गये.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के संबंध में पीड़ित ने नगर थाने में लिखित आवेदन दिया है. नगर थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >