Jehanabad News : जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के इरकी गांव में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. अपराधी घर से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गये. घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने पीड़ित सोहाई चौधरी के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
परिवार के साथ होटल गये थे गृहस्वामी
मिली जानकारी के अनुसार, इरकी गांव निवासी सोहाई चौधरी 20 सितंबर की रात अपने बेटे और पूरे परिवार के साथ बाइपास स्थित अपने होटल गये थे. पूरा परिवार रात में होटल में ही रुका था. 21 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे जब वे वापस घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला.
तीन कमरों के ताले तोड़कर खंगाला घर
घर के अंदर प्रवेश करने पर तीनों कमरों के ताले टूटे मिले. बक्सों और गोदरेज अलमारी का ताला भी तोड़ा गया था. कमरे में सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था. परिजनों ने बताया कि गोदरेज अलमारी में तीनों बहुओं के सोने-चांदी के आभूषण रखे थे.
मंगलसूत्र, झुमका और पायल समेत गहने चोरी
चोरों ने अलमारी में रखे मंगलसूत्र, झुमका, कानबाली, मांगटीका, अंगूठी और चांदी की पायल समेत अन्य आभूषण चुरा लिये. पीड़ित के अनुसार चोरी गये आभूषणों की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये है. इसके अलावा होटल से जमा किये गये दो लाख रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गये.
पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना तत्काल नगर थाना पुलिस को दी गयी. पीड़ित सोहाई चौधरी की ओर से लिखित आवेदन दिये जाने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस टीम घटनास्थल की जांच करने के साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी है.
