Bihar Police Constable Recruitment Exam: केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद कोटा किरण कुमार ने सिपाही भर्ती परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु मुस्तैदी बढ़ा दी है. इसी क्रम में उन्होंने आदर्श मध्य विद्यालय उटां, गौतम बुद्ध इण्टर स्तरीय विद्यालय तथा राज्य सम्पोषित बालिका उच्च विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान एसपी ने केंद्रों पर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की और परीक्षा को लेकर की गई प्रशासनिक तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया.
सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा व्यवस्था को परखा
उक्त निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर आयोग द्वारा संस्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की गहनता से जाँच की गई, ताकि परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर तीसरी आंख से नजर रखी जा सके. इसके साथ ही एसपी ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों को लेकर केंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी.
परीक्षार्थियों की सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश
निरीक्षण के क्रम में एसपी के द्वारा परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, कमरों में पर्याप्त रौशनी और भीषण गर्मी को देखते हुए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था इत्यादि सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी बनाने के साथ-साथ यह भी जरूरी है कि केंद्रों पर आने वाले छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की व्यावहारिक या बुनियादी असुविधा का सामना न करना पड़े.
पूरे जिले के केंद्रों पर चलाया गया चेकिंग अभियान
एसपी के इस अभियान के साथ ही जिले के अन्य सभी परीक्षा केन्द्रों पर भी दंडाधिकारियों (मैजिस्ट्रेट) एवं पुलिस पदाधिकारियों के द्वारा सघन निरीक्षण किया गया है. सभी केंद्रों पर पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति और प्रवेश द्वारों पर सघन जांच की रूपरेखा तैयार कर ली गई है. जिला प्रशासन ने आम लोगों और अभ्यर्थियों से भी अपील की है कि वे परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या कदाचार के बहकावे में न आएं.
