जहानाबाद: वाणावर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 हजार श्रद्धालुओं ने किया बाबा सिद्धनाथ का जलाभिषेक

सावन के तीसरे रविवार को वाणावर पहाड़ी स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। पूरा इलाका बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।

jehanabad News : (जहानाबाद) ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक छटाओं से परिपूर्ण वाणावर पहाड़ स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में सावन के तीसरे रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धनाथ के दरबार में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. पूरे पहाड़ी क्षेत्र में दिनभर ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे.

सुबह से देर शाम तक लगा श्रद्धालुओं का तांता

सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर शाम तक जारी रहा. श्रद्धालुओं ने पहाड़ी क्षेत्र में स्थित जलस्रोतों में स्नान किया और इसके बाद पहाड़ के रास्ते बाबा सिद्धनाथ मंदिर पहुंचे. मंदिर के मुख्य द्वार पर लगाए गए अर्घा सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धनाथ का जलाभिषेक किया. जलाभिषेक करने वालों में महिलाओं की भी बड़ी संख्या रही.

सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा पुलिस बल

श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. पहाड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात रहे. मंदिर परिसर से लेकर पहाड़ के रास्ते और जलस्रोतों तक पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते नजर आए. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्था की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो.

तीसरी सोमवारी पर और बढ़ेगी भीड़

मंदिर के प्रबंधक भानु प्रताप उर्फ गुड्डू बाबा ने बताया कि सावन के तीसरे रविवार को 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया. उन्होंने कहा कि सावन की तीसरी सोमवारी को रविवार की अपेक्षा और अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि जिला प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्था के अनुसार कतारबद्ध होकर शांतिपूर्ण तरीके से बाबा सिद्धनाथ का जलाभिषेक करें. किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है.

मेडिकल कैंप से मिल रही स्वास्थ्य सुविधा

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाए गए हैं. जरूरत पड़ने पर इन शिविरों में श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. प्रशासन की ओर से भीड़ और स्वास्थ्य व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है.

सामाजिक संगठनों ने लगाया लंगर

श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से कई स्थानों पर लंगर का आयोजन किया गया. लंगर में श्रद्धालुओं को निशुल्क भोजन और प्रसाद वितरित किया गया. सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं को पानी और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई.

भक्तिमय रहा वाणावर का माहौल

पूरे दिन वाणावर पहाड़ का वातावरण भक्तिमय बना रहा. चारों ओर ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष सुनाई देते रहे. बाबा सिद्धनाथ के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला. तीसरी सोमवारी को और अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ramesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >