Arwal News: बिहार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (बीसीएसटी), पटना द्वारा संचालित मोबाइल साइंस एग्जीबिशन बस के तहत गुरुवार को राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, अरवल की टीम ने निर्भय नरेंद्र उच्च विद्यालय, निरंजनपुर का भ्रमण किया. इस दौरान विद्यार्थियों के लिए विज्ञान प्रदर्शनी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
विज्ञान को सरल और रोचक तरीके से समझाया गया
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को मोबाइल विज्ञान प्रदर्शनी बस में प्रदर्शित विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल, नवाचार और आधुनिक विज्ञान से जुड़ी तकनीकों की जानकारी दी गई. प्रदर्शनी के माध्यम से विज्ञान के सिद्धांतों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया गया, जिससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार के प्रति रुचि बढ़ सके.
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति बढ़ी रुचि
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रणव कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं. उन्होंने कहा कि प्रयोगात्मक और व्यवहारिक शिक्षा से छात्रों की सीखने की क्षमता में वृद्धि होती है.
प्रो. राजीव रंजन की रही अहम भूमिका
कार्यक्रम के सफल संचालन में मोबाइल साइंस एग्जीबिशन बस प्रभारी प्रो. राजीव रंजन की महत्वपूर्ण भूमिका रही. महाविद्यालय की टीम ने विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद स्थापित कर विज्ञान शिक्षा को रोचक, प्रयोगात्मक और उपयोगी बनाने का संदेश दिया.
छात्रों में दिखा उत्साह
विज्ञान प्रदर्शनी के दौरान छात्रों ने विभिन्न मॉडल और उपकरणों को करीब से देखा तथा उनसे जुड़े वैज्ञानिक सिद्धांतों को समझा. कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला.
