देखा-देखी अतिक्रमण का बढ़ रहा दायरा
जहानाबाद : जिले में शहर से लेकर गांव गिरांव में सड़क किनारे अतिक्रमणकारियों का दायरा बढ़ता जा रहा है. पांव पसारते अतिक्रमणकारी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है. देखा देखी बढ़ रहे अतिक्रमण की वजह से कभी कभार सड़क पर दुर्घटना भी होती रहती है. लेकिन प्रशासन द्वारा ठोस कानून व प्रभावी उपाय नहीं होने के कारण सड़क किनारे कब्जा जमाने का सिलसिला थम नहीं रहा है. प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कई बार अभियान चला प्रशासनिक कार्रवाई तो की जाती रही है लेकिन कुछ समय के लिए
अतिक्रमणकारियों का कब्जा किया गया जगह मुक्त हो पाता है. जिले के वभना शकुराबाद पथ भी इन दिनों अतिक्रमण के चपेट में है. उक्त पथ पर वभना, बेलदारी विगहा, पिंजौर, शाहपुर, अमैन, लक्ष्मीपुर, आलमपुर, चैनपुरा, पहाड़ीविगहा सहित कई ऐसी जगह है जहां ग्रामीण बेरोक-टोक सड़क किनारे रोड चाट को धड़ल्ले से अतिक्रमण करने में जुटे हैं.
कई जगहों पर सड़क किनारे बने मकान मालिक द्वारा धीरे-धीरे अपने घर की लंबाई बढ़ाते हुए मकान का दायरा सड़क पर कर लिये हैं. वहीं कई जगहों पर सड़क पर ही मकान निर्माण में प्रयोग होने वाले गिट्टी-बालू-ईंट जैसी सामग्री गिरा दिया गया है. शाहपुर गांव के समीप सड़क के बिचो बीच बालू गिराये जाने से आम यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सबसे बड़ी बात यह है कि आमलोगों के हित की परवाह किये बगैर सड़क पर गिरायी गयी बालू के सामने ताड़ की लकड़ी लगा सड़क का आधा हिस्सा को अवरुद्ध कर दिया गया है. वहीं कई जगहों पर गुमटी, ठेला एवं सड़क किनारे मवेशी बांधने से यातायात प्रभावित हो रहा है.
कई जगहों पर वाहन मालिक द्वारा रात को बीच सड़क पर ही अपनी छोटी-बड़ी गाड़ियों का पार्किंग की जाती है. सड़क के आधे हिस्से में गाड़ी खड़ी रहने से सामने से आने जाने वाले वाहनों को रात्रि के समय काफी कठिनाई होती है. वहीं वैसे जगहों पर अगर संभलकर गाड़ी पास नहीं किया जाये तो दुर्घटना की प्रबल संभावना बनी रहती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस दिशा में उचित कार्रवाई कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है.
घोसी. प्रखंड क्षेत्र के धोसी बाजार इन दिनो पूरी तरह अतिक्रमणकारियों के गिरफ्त में सिकुड़ता जा रहा है. घोसी धामापुर रोड से बाजार के अंदर जाने वाली पथ पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा होने के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. घोसी अंबेदकर तीन मुहानी के तीनों तरफ अतिक्रमणकारियों द्वारा रोड पर ही दुकान लगायी जा रही है. जिससे चार पहिया वाहन के एकाएक आ जाने से सड़क पर पैदल जाने वालों यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. सड़क पर जगह का अभाव रहने के कारण अतिक्रमणकारियों पसारते पांव से दिनों दिन समस्या बढ़ती जा रही है.
खासकर बुधवार और शनिवार को साप्ताहिक बाजार लगने व आसपास के लोगों के भीड़ जुटने पर पूरे दिन जाम की समस्या बनी रहती है. घोसी घामापुर पथ पर ठेला, फास्ट फूड, फल दुकान व कई साइकिल दुकानदारों ने सड़क किनारे कब्जा जमा रखा है. दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे कब्जा जमाने से सड़क की चौड़ाई कम हो गयी है जिससे अंबेदकर तीन मुहानी पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है. अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आये दिन अतिक्रमण का दायरा बढ़ते जा रहा है. वही हमेशा दुर्घटना होने की भी आशंका बनी रहती है.
