शहर के अरवल मोड़ के समीप हुई घटना, गाड़ी के शीशे तोड़े
जहानाबाद : स्थानीय अरवल मोड़ के समीप शुक्रवार को पूर्वाह्न करीब आठ बजे मगध दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष कमलेश शर्मा पर अज्ञात अपराधियों ने हमला कर दिया. इस हादसे में उनके गाड़ी के शीशे तोड़ दिये गये. हल्ला मचाये जाने पर हमलावर भागने में सफल हो गया. अपने साथ हुई घटना की सूचना अध्यक्ष ने पुलिस को दी है.
उन्होंने बताया कि वे विभागीय गाड़ी से दुग्ध समिति के भ्रमण के लिए अरवल की तरफ जा रहे थे. जब वे शहर स्थित अरवल मोड़ के समीप पहुंचे. उनकी गाड़ी जाम रहने के कारण सड़क पर खड़ी थी. उसी वक्त बिना नंबर की महिंद्रा टीयूवी एक गाड़ी उनके वाहन के पीछे आकर रुकी. इसमें सवार पांच- छह लोग- गाली गलौज करते हुए उनकी गाड़ी के पास आया और शीशा तोड़ कर उन्हें गाड़ी से खींचने का प्रयास किया. जान बचाने के लिए उन्होंने हल्ला मचाया. लोगों को जुटते देख हमलावर भाग निकले.
