आचार संहिता लागू विधान परिषद की नयी योजनाओं पर लगी रोक
13 को जारी होगी अधिसूचना, नामांकन की प्रक्रिया होगी शुरू
15 मार्च को मतगणना 18 मार्च से पूर्व चुनाव की प्रक्रिया होगी समाप्त
जहानाबाद नगर : गया शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद का चुनाव 9 मार्च को होगा. इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है. इसके साथ ही आचार संहिता लागू हो गयी है. आचार संहिता लागू होने से अब विधान परिषद की कोई भी नयी योजना शुरू नहीं होगी, जबकि पुरानी योजनाओं पर रोक नहीं लगेगा. उक्त बातें प्रेस वार्ता में जिला पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कही. उन्होंने कहा कि विधान परिषद चुनाव के लिए 13 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी. अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया आरंभ हो जायेगी. नामांकन का कार्य 20 फरवरी तक चलेगा.
21 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी. जबकि 23 फरवरी तक अभ्यर्थी अपना नाम वापस ले सकते हैं. 9 मार्च को चुनाव होगा. स्नातक विधान परिषद के लिए 10 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. जिसमें 8 मुख्य मतदान केंद्र और 2 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं. स्नातक विधान परिषद के लिए कुल मतदाताओं की संख्या 6128 है. जिले में सभी प्रखंड मुख्यालय और नगर पर्षद जहानाबाद में मतदान केंद्र बनाया गया है. मतदान केंद्र पर औसत मतदाताओं की संख्या 613 है. वहीं शिक्षक विधान परिषद के लिए आठ मतदान केंद्र बनाये गये हैं. कुल मतदाताओं की संख्या 771 है. मतदान केंद्रों पर औसत मतदाताओं की संख्या 96 है. डीएम ने कहा कि जिले में स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न होगा. आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जायेगा. चुनाव को लेकर सभी बीडीओ तथा एआरओ के साथ बैठक की गयी है. 107 की कार्यवायी भी शुरू करने का आदेश दिया गया है. राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी बताया गया है कि आचार संहिता का पालन करें. पेड न्यूज पर भी नजर रखा जायेगा. इसके लिए कोषांग का गठन किया गया है. प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार ने बताया कि शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ मतदान संपन्न कराने को लेकर अधिक संख्या में फोर्स लगायी जायेगी. जिले में फोर्स की कोई कमी नहीं है. फरारियों की गिरफ्तारी शुरू कर दी गयी. आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर भी प्रशासन की नजर है. इस अवसर पर एसडीएम डॉ नवल किशोर चौधरी, उपनिर्वाचन पदाधिकारी आर के कर्मशील, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रविशंकर प्रसाद उपस्थित थे.
