कहा, लड़कियां कर रही हैं बेहतर प्रदर्शन
घोसी : रॉयल कान्सेप्ट पब्लिक स्कूल के स्थापना दिवस पर सूबे के पीएचइडी व कानून मंत्री कृष्णनंदन वर्मा ने दीप जला कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. छात्रों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यार्थियों का आहार है. समाज में सभ्यता और संस्कृति की झलक भी विद्यालयों में मिलती है. गुरु ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का भी पाठ छात्रों को पढ़ाएं. स्कूल का मकसद सिर्फ शिक्षा देना नहीं होना चाहिए बल्कि संस्कार भी सिखायें. व्यवस्था को कारगर बनाने में विद्यालय परिवार के लोग सक्रिय हैं.
आज हमारे देश में एक से एक विद्वान एवं वैज्ञानिक पैदा हो रहे हैं. बच्चों में शिक्षा के प्रति जागरूकता होनी चाहिए. गरीब घर के लोग भी अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए मेहनत कर रहे हैं. इस तरह बिहार में शिक्षा के प्रति गुणात्मक वृद्धि हुई है. आज कहीं-कहीं लड़कियां लड़कों से भी आगे निकल आयी हैं. वहीं उच्च शिक्षा के लिए बारहवीं के बाद कुछ अभिभावक बच्चों को पढ़ाने में अपनी रुचि नहीं दिखा पाते बल्कि उसे बोझ समझ बैठते हैं.
महागंठबंधन की सरकार इसे गंभीरता से ले रही है. लड़के एवं लड़कियों के लिए शिक्षा मौलिक अधिकार बने, इसके लिए प्रयासरत है. जदयू जिलाध्यक्ष राजीव नयन उर्फ राजू ने कहा कि मां की गोद ही बच्चों की पहली पाठशाला है. शिक्षा हमारे जीवन का आधार है. हम जब तक शिक्षित नही होंगे, तब तक हमारा विकास संभव नहीं है. विद्यालय के प्राचार्य आरके सक्सेना ने उपस्थित जनों के प्रति आभार प्रकट किया. इस अवसर पर मुखिया श्रवण कुमार, सत्येन्द्र यादव, जगदीश प्रसाद, बीडीओ बबलू कुमार, घोसी थानाध्यक्ष सुरेश प्रसाद, राजद नेता नंदकिशोर यादव, जदयू के वीरेंद्र कुमार कुशवाहा एवं सुनील कुमार मौजूद थे.
