जहानाबाद : काको थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पर जानलेवा हमला किये जाने के मामले में पुलिस ने एक और प्राथमिकी अभियुक्त काली नामक युवक को गिरफ्तार किया है. उसे शुक्रवार को जेल भेजा गया. अब तक इस मामले में तीन महिलाओं सहित दस प्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है. एसपी आदित्य कुमार ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बाइक लूटकांड के एक आरोपित को पकड़ने के लिए गये काको थानाध्यक्ष पर हमला करने में काली शामिल था.
गुरुवार की रात छापेमारी में उसे मलहचक के इलाके से पकड़ा गया. कांड संख्या 189/16के अनुसंधानकर्ता एसआइ संजय कुमार ने सशस्त्र बलों के साथ छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया था. इधर इस मामले में अभी पांच अन्य नामजद अभियुक्त फरार हैं. फरार अभियुक्तों को पकड़ने के लिए नगर थाने की पुलिस के द्वारा कोर्ट में वारंट व कुर्की जब्ती के लिए आवेदन दिया गया था. आवेदन के आलोक में कोर्ट के द्वारा वारंट निर्गत किया गया है. दो-तीन दिनों के भीतर कुर्की जब्ती के लिए भी कोर्ट के द्वारा आदेश निर्गत किये जाने का अनुमान है.
बता दें कि काको थाना क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर डायवर्सन के समीप बंधुगंज निवासी एक फौजी की बाइक लूटी गयी थी. इसी मामले में काको थानाध्यक्ष शहर के मलहचक स्थित फास्ट फूड की एक दुकान के संचालक और लूटकांड का आरोपित संतोष कुमार को गिरफ्तार करने गये थे. उसी दौरान उनपर कई लोगों ने हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया था. इस मामले में नगर थाने में 15 नामजद व 50-60 अज्ञात के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करायी गयी थी.
