जहानाबाद : शहर में एनएच 83 से सटे आइसीआइसीआइ बैंक के पास ओम सांईं राम कोचिंग संस्थान में शनिवार को छात्रों के एक समूह ने हमला कर वहां तोड़फोड़ की. इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गयी. इस फायरिंग से लोगाें में दहशत कायम हो गया और कोचिंग में रखे दो लाख रुपये लूट लिये गये. हमला करनेवाले छात्र कोचिंग संचालक मिथिलेश कुमार उर्फ एम कुमार की खोज कर रहे थे. कोचिंग संचालक के बयान पर नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गयी है.
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि नवीन क्लासेज कोचिंग के 50-60 छात्रों का गिरोह सुबह करीब नौ बजे कोचिंग में आ धमके. वे कोचिंग संचालक को बाहर निकलने के लिए ललकार रहे थे. एफआइआर में उल्लेख किया गया है कि बाहर हंगामे की स्थिति को देख संचालक एम कुमार अपने कोचिंग के भीतर बच्चों के बीच बैठ गये. उन्होंने आरोप लगाया है कि हमलावर छात्रों का समूह उनके कोचिंग में घुस आया और हंगामा मचाने लगा. कोचिंग में रखे सामान की तोडफोड़ की गयी और वहां रखे एक लैपटॉप एवं दो लाख रुपये लूट कर चलते बने. उन्होंने कहा है कि वे जमीन वाले को दो लाख रुपये देने के लिए लाये थे.
तोड़फोड व लूटपाट करने के बाद हमलावर छात्रों के द्वारा हवाई फायरिंग कर जान से मार डालने की धमकी दी गयी. कोचिंग की छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किये जाने का भी आरोप लगाया गया है.
