जहानाबाद : बीते 10 दिनों से कड़ाके की ठंड व जारी शीतलहर से गुरुवार को आम लोगों ने राहत महसूस किया. सुबह के आठ बजे के बाद से धूप निकलने के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास कम हुआ. धूप निकलने के साथ ही लोग धूप का सेवन करने के लिए घर से बाहर निकल पड़े. कई दिनों के बाद निकले धूप जैसे ही लोगों के शरीर पर पड़ा कि वह दवा के रूप में काम कर रहा था. बहुत दिनों के बाद लोगों ने सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक धूप का दीदार किया.
धूप निकलने के साथ ही अन्य दिनों की अपेक्षा लोगों की भीड़-भाड़ बाजार अधिक दिखे. ठंड के वजह से घर से नहीं निकल रहे लोग धूप निकलने के साथ घरेलू कार्य निबटाने के लिए घर से निकल पड़े. हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अभी रात में ठंड कम होने के आसार नहीं दिख रहा है. सुबह-शाम व रात में ठंड अपने चरम सीमा दिख रही है. कार्यालय व स्कूल के पठन-पाठन मे भी गुरूवार को अन्य दिनों की अपेक्षा कम परेशानी हुयी. भगवान भास्कर के दर्शन होते ही स्कूली बच्चों का चेहरा खिल उठा.
ठंड से सिकुड़े कर्मी को अपने कामकाज का निबटारा करने में परेशानी कम हुई. कार्यालय कर्मी समय से कार्यालय पहुंच चुके थे. कोहरे का असर कम रहने के कारण दिन में वाहन सड़क पर रफ्तार के साथ दौड़ रहे थे. कनकनी व कुहासा नहीं रहने के कारण वाहन चालकों को वाहन चलाने में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा. वाहन चालक अन्य दिन फॉग लाइट का सहारा लेकर वाहन चला रहे थे जिन्हें गुरुवार को इससे निजाद रही. हालांकि वातावरण में सुबह-शाम कनकनी व्याप्त रहने के कारण लोग अभी भी अलाव का सहारा ले रहे हैं. शाम सात बजे से ही शहर के अस्पताल मोड़, काको मोड़, उंटा मोड़ सहित कई ऐसे जगह हैं जहां लोग अलाव का सहारा लेते दिखे .
